सोनीपत के गोहाना स्थित बस अड्डा में खड़ी किलोमीटर योजना की बसें। संवाद
गोहाना। रोहतक रोड स्थित गोहाना बस अड्डे में शनिवार को निर्धारित किलोमीटर पूरे होने पर किलोमीटर योजना की छह बसों का परिचालन बंद कर दिया। इन बसों का परिचालन नहीं होने से लंबे रूटों पर चलने वाले यात्रियों को बसों की कमी खली। बसों की संख्या कम होने पर यात्रियों को दूसरे वाहनों का सहारा लेना पड़ा।
किलोमीटर योजना के तहत चलने वाली 28 बसों का लंबे रूटों पर परिचालन किया जाता है। इन बसों के किलोमीटर महीने के अंतिम सप्ताह में पूरे हो जाते हैं। ऐसे में लंबे रूटों पर दौड़ने वाली यह बसें महीने के शेष दिन बस अड्डे में ही खड़ी रहती हैं। शनिवार को छह बसें बस अड्डे में खड़ी रहीं। वहीं रविवार को छह और बसों के किलोमीटर पूर हो जाएंगे। जिससे आगामी दो दिन लंबे रूटों पर बसों की कमी बनी रहेगी।
गोहाना सब डिपो में बसों की संख्या 74 है। इनमें 28 बसें किलोमीटर स्कीम की हैं। लंबे और बाहरी राज्यों के रूटों पर किलोमीटर स्कीम की 28 बसें भेजी जाती हैं। इन बसों को चलाने के किलोमीटर निर्धारित किए हुए हैं। अधिकारियों के अनुसार इन बसों को एक महीने में 12000 किलोमीटर तक चलाया जा सकता है। लंबे रूटों पर चलने के कारण इन बसों के किलोमीटर महीना खत्म होने से पहले पूरे हो जाते हैं। किलोमीटर पूरे होने के बाद बसों को परिचालन बंद कर दिया जाता है। इससे यात्रियों को दूसरे जिलों की बसों पर निर्भर रहना पड़ता है। शनिवार को लंबे रूटों पर चलने वाली छह बसों का परिचालन बंद होने से चंडीगढ़ व जम्मू-कटरा रूट प्रभावित रहे।
वर्जन
किलोमीटर योजना की बसें निर्धारित किलोमीटर पूरे होने के बाद बस अड्डे में खड़ी कर दी जाती हैं। शनिवार को छह बसें डिपो में खड़ी रहीं जिससे लंबे रूट प्रभावित रहे। हालांकि जिस भी रूट पर यात्रियों की संख्या अधिक होती नजर आई, उस पर अन्य बसों को रवाना किया गया है।- तेलूराम, डीआई, बस अड्डा, गोहाना।