सोनीपत। कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में चल रही ऑन द स्पॉट दाखिला प्रक्रिया शुक्रवार को भी जारी रही। सोनीपत आईटीआई में सुबह सात विद्यार्थियों ने अपना रैंक कार्ड जमा करवाया, इसमें से पांच विद्यार्थियों को सीट अलॉट की गई। इन विद्यार्थियों को अपना दाखिला सुनिश्चित करने के लिए रात 12 बजे से पहले फीस का भुगतना करना होगा। सोनीपत आईटीआई की विभिन्न ट्रेड्स में अभी भी 133 सीटें रिक्त हैं। इन पर 30 सितंबर तक दाखिला प्रक्रिया जारी रहेगी। विद्यार्थी पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर दाखिला ले सकते हैं।
जिले की 13 आईटीआई में 3956 सीटों पर दाखिले के लिए आवेदन मांगे गए थे। आवेदन प्रक्रिया के बाद चार चरणों में चली दाखिला प्रक्रिया संपन्न होने के बावजूद सभी आईटीआई में 40 से 50 फीसदी सीटें रिक्त रह गई थी। रिक्त सीटों पर दाखिले के लिए कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग ने ऑन द स्पॉट दाखिला प्रक्रिया शुरू की गई, लेकिन अंतिम तिथि की दाखिला प्रक्रिया संपन्न होने के बाद भी अधिकतर आईटीआई में 30 से 35 फीसदी सीटें रिक्त रह गई थी। इसे देखते हुए विभाग ने एक बार फिर पोर्टल खोल दिया। इसमें ऑन द स्पॉट दाखिला प्रक्रिया के तहत विद्यार्थियों को 30 सितंबर तक दाखिले दिए जाएंगे।
इन ट्रेड्स में खाली हैं सीटें
सोनीपत आईटीआई में 34 ट्रेड्स में कुल 1024 सीटें हैं। इनमें से अभी तक 891 सीटों पर दाखिले हुए हैं। ऑन द स्पॉट दाखिला प्रक्रिया के बावजूद अभी जीयो इंफॉर्मेशन एंड टेक्नॉलोजी, लीथो, शीट मेटल, कारपेंटर व ग्राइंडर ट्रेड में 133 सीटें रिक्त हैं। हालांकि दाखिला प्रक्रिया 30 सितंबर तक जारी रहेगी।
जिले की सभी आईटीआई में ऑन द स्पॉट दाखिला प्रक्रिया जारी है। दाखिले के लिए पोर्टल 30 सितंबर तक खुला रहेगा। अब तक दाखिले से वंचित रहे विद्यार्थी इसका फायदा उठाते हुए दाखिला ले सकते हैं।
- अजय खोखर, प्राचार्य, आईटीआई, सोनीपत