फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sonipat News: पीएम मोदी की रैली को लेकर तैयारी तेज, 30 हजार लोगों के बैठने की रहेगी व्यवस्था

Thu, 16 May 2024 11:20 PM IST
रोहतक ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सोनीपत
विज्ञापन
विज्ञापन
गोहाना (सोनीपत)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 मई को होने वाले लोकसभा चुनाव के लिए गोहाना में 18 मई को विजय संकल्प रैली में लोगों को संबोधित करेंगे। रैली की तैयारी को लेकर वीरवार को प्रशासनिक अधिकारियों ने पानीपत रोड स्थित रैली स्थल पर हेलीपैड का ट्रायल लिया। इसके लिए दो बार हेलीकॉप्टर को उतारा गया। कर्मचारी स्टेज को तैयार करने में जुटे रहे। रैली में 30 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। भीषण गर्मी के बीच लोगों को राहत दिलाने के लिए कूलर व पंखों की व्यवस्था की गई है। रैली में पहुंचने वाले लोगों के लिए ठंडे पानी और जलजीरा की भी व्यवस्था की गई है।
विज्ञापन

भाजपा के जिला अध्यक्ष जसबीर दोदवा ने बताया कि रैली की तैयारी को लेकर वीरवार को हेलीपैड का ट्रायल लिया गया। सोनीपत व जींद से बड़ी संख्या में लोग गोहाना रैली स्थल पर पहुचेंगे। उन्होंने बताया कि रैली में मुख्य मंच पर मुख्यमंत्री नायब सैनी, पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल, लोकसभा प्रत्याशी मोहनलाल बड़ौली समेत 30 बड़े नेता मौजूद रहेंगे। रैली स्थल के निरीक्षण के दौरान एसडीएम गोहाना विवेक आर्य व पुलिस प्रशासन मौजूद रहा।
रैली के लिए चुनौती बन सकती है गर्मी
भाजपा की तरफ से रैली का समय दोपहर बाद 3 बजे का निर्धारित किया गया है। ऐसे में लोग दोपहर में ही आने शुरू हो जाएंगे, जबकि प्रचंड गर्मी चल रही है। ऐसे में प्रधानमंत्री की रैली में गर्मी चुनौती बन सकती है। हालांकि भाजपा नेताओं का कहना है कि रैली स्थल पर बनाए जा रहे पंडाल में आने के बाद लोगों को गर्मी का अहसास नहीं होने दिया जाएगा। 50 कूलर और 1000 पंखे गर्मी से राहत दिलाएंगे, वहीं रैली में आने वाले लोगों को उनकी सीट पर ही ठंडा पानी व जलजीरा दिया जाएगा।
विज्ञापन

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर धारा-144 लागू करने के आदेश पारित
जिलाधीश डॉ. मनोज कुमार ने प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के मद्देनजर उनकी सुरक्षा को देखते हुए धारा 144 लागू करने के आदेश पारित किए हैं। रैली स्थल, हेलीपैड व गोहाना शहर में कम ऊंचाई पर उड़ने वाले ग्लाइडर, ड्रोन व मानव रहित हवाई उपकरणों (यूएवी) पर प्रतिबंध लगाने के आदेश जारी किए हैं। ड्रोन नियम, 2021 के तहत जिला को रेड जोन घोषित करने का निर्णय लिया है। ऐसे में कोई व्यक्ति आदेशों का उल्लंघन करता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें