हरियाणा के सोनीपत में गेटवे शिक्षण संस्थान के मालिक व बड़े कारोबारी हरिप्रकाश मंगला के प्रतिष्ठानों व ठिकानों पर आयकर विभाग की छापामार कार्रवाई लगातार दूसरे दिन भी जारी रही। आयकर विभाग की टीमों को खामियां मिलने की बात सामने आ रही हैं। कई संपत्तियों और होटल उत्सव ग्रांड की कीमत कम दिखाई गई बताई जा रही है। टीमों ने तीन साल में खरीदी-बेची गईं संपत्तियों के दस्तावेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। विभाग की टीमें हाल में हुई जमीनों की खरीद-फरोख्त का रिकॉर्ड भी खंगाल रही हैं। इसके अलावा सीए से दूसरे दिन भी पूछताछ की गई। आयकर विभाग की कार्रवाई तीसरे दिन भी जारी रह सकती है।
कारोबारी हरिप्रकाश मंगला के प्रतिष्ठानों व ठिकानों पर बुधवार सुबह सात बजे आयकर विभाग पंचकूला, गुरुग्राम, दिल्ली और पानीपत की टीमों ने कई स्थानों पर एक साथ छापे मारे थे। आयकर विभाग के करीब 300 अधिकारी व कर्मचारी और गुरुग्राम पुलिस बल की टीम कारोबारी मंगला के ठिकानों पर जांच कर रही है।
कारोबारी व उनसे जुड़े सदस्यों के मोबाइल अपने कब्जे में लेकर उन्हें संस्थानों में बाहर जाने व अन्य के आने पर रोक लगा रखी है। टीम ने दस्तावेज अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मुरथल रोड स्थित मंगला के होटल उत्सव ग्रांड में जांच कर रही टीम की अधिकारी ने बताया कि सभी टीमें अलग-अलग जांच कर रही हैं।
उन्होंने बताया कि जांच में सामने आया कि मंगला ने होटल की कीमत कम दिखाई है। इसमें करोड़ों रुपये का हेरफेर है। होटल संबंधी कागजात कब्जे में ले लिए गए हैं। अन्य जगह जांच में सामने आया है कि कारोबारी ने कई संपत्तियों की कीमत में काफी अंतर है। टीम को भारी टैक्स चोरी की आशंका है। होटल में चल रहे निर्माण कार्य का एस्टीमेट लिया जा रहा है।
सेक्टर-14 में आवास के सामने खड़ी रहीं आयकर विभाग की गाड़ियां
कारोबारी हरिप्रकाश मंगला के सेक्टर-14 में आवास नंबर 119 और 106 के बाहर दिनभर आयकर विभाग के अधिकारियों की गाड़ियां खड़ी रहीं। आवास के अंदर पुलिसकर्मी तैनात रहे। किसी को आवास के अंदर और बाहर जाने नहीं दिया गया। बुधवार को करीब 42 जगह छापे मारे गए। इनमें मंगला की कोठी, उसके परिवार के सदस्यों, सहयोगियों, गेटवे शिक्षण संस्थान के कार्यालय, कोल्ड स्टोर, होटल उत्सव ग्रांड, एमजी मॉल स्थित एक निजी कार्यालय, सीए के घर व फैक्टरी आदि शामिल हैं। गुरुवार को यहां कागजात खंगाले गए।
चंडीगढ़ मुख्यालय की टीम कर रही नेतृत्व
बताया गया है कि सोनीपत जिला पानीपत मंडल के अधीन है। टीम में चंडीगढ़ मुख्यालय के आयकर विभाग के निदेशक आनंद झा कार्रवाई का नेतृत्व कर रहे हैं। पानीपत से आयकर विभाग के डिप्टी डायरेक्टर मोहिनीश ढींगड़ा भी सर्वे कर रही जांच टीम में शामिल हैं, लेकिन जांच के बीच में किसी भी टीम के अधिकारी ने कुछ भी बताने से इनकार कर दिया।
लोगों में दिनभर मंगला के प्रतिष्ठानों पर छापे की रही चर्चा
शहर में लगातार दूसरे दिन भी लोगों की जुबान पर हरिप्रकाश मंगला के प्रतिष्ठानों व सहयोगियों के यहां लगे छापे की ही चर्चा रही। कोठी के सामने और आसपास से गुजरने वाले दिनभर मंगला पर आयकर विभाग के छापों की चर्चा करते नजर आए। शहर में कई स्थानों पर लोग भी इसे लेकर ही बातचीत करते मिले।