एलएलबी की छात्रा को फर्जी नियुक्ति पत्र देकर 20 हजार रुपये ऐंठने के मामले में पुलिस ने आरोपी को काबू किया है। गिरफ्तार आरोपी सोनीपत का रहने वाला मनोज कुमार है। आरोपी को अदालत में पेश कर पांच दिन के रिमांड पर लिया गया है।
विश्वास पांचाल ने 24 मार्च को सिटी थाना पुलिस को बताया था कि वह कुरुक्षेत्र के गांव खेड़ी मारकंडा की रहने वाली है और एलएलबी की छात्रा है। उसकी मुलाकात सोनीपत कोर्ट परिसर में मनोज कुमार से हुई थी। उसने खुद को राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग का अधिकारी बताकर मानवाधिकार आयोग में लीगल एडवाइजर लगवाने के नाम 20 हजार रुपये लिए थे। उसका साक्षात्कार करवाने के साथ ट्रेनिंग भी दी गई थी। बाद में फर्जी नियुक्ति पत्र व अन्य कागजात दिए थे। उसने आरोप लगाया था कि उसके साथ अन्य से भी ठगी हुई है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को काबू कर लिया है। सिटी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सवित कुमार ने बताया कि आरोपी को 12 अक्तूबर तक रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है।