फोटो : 23: सोनीपत में सेक्टर 27 थाना पुलिस की गिरफ्त में आरोपी। पुलिस प्रवक्ता
सोनीपत। 10वीं में पढ़ने वाले छात्र पर दबाव डालकर घर से सोने का 100 ग्राम वजनी बिस्कुट चोरी करवाने के मामले में पुलिस ने छात्र के सहपाठी को अभिरक्षा में ले लिया है जबकि बालिग आरोपी सचिन को गिरफ्तार कर उसे कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया है।
जीवन विहार निवासी राममेहर ने सोमवार को पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उनका 15 वर्षीय बेटा सेक्टर-15 के निजी स्कूल में पढ़ता है। वह हॉकी खिलाड़ी है। उसी के साथ पढ़ने वाले रामनगर के एक छात्र ने पहले भावनात्मक कारण बताकर उनके बेटे से 500 रुपये लिए।
उसके बाद उसने अपने दूसरे दोस्त सचिन से उसको मिलवाया। दोस्तों ने उनके बेटे पर दबाव बनाया कि वह घर से सोना, चांदी या नकदी लाकर दे। मानसिक प्रताड़ना और जान से मारे जाने के भय के कारण बेटा परेशान हो गया। वह 100 ग्राम वजन का गोल्ड बिस्कुट निकाला और क्रिकेट स्टेडियम के पास दोनों लड़कों को सौंप दिया।
जब इसका पता चला तो उनके होश उड़ गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली थी। मंगलवार को पुलिस ने नाबालिग छात्र को अभिरक्षा में लेने के अलावा उसके दोस्त सचिन को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी सचिन को अदालत में पेश किया जहां से उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया।