फोटो : 26: जिंदल विवि में प्रदर्शन करते छात्र। स्रोत वीडियो ग्रैब ( सोशल मीडिया)
सोनीपत। प्रदूषण की खराब स्थिति को देखते हुए छात्र ऑनलाइन परीक्षा चाहते हैं। इसको लेकर सोमवार की रात ओपी जिंदल ग्लोबल यूनिवर्सिटी के छात्रों ने कैंपस में रोष जताया। उनका तर्क है कि हवा लगातार जहरीली हो रही है। ऐसे माहौल में उनको लाइब्रेरी, क्लास रूम और परीक्षा हॉल तक आना स्वास्थ्य के लिए खतरा बनता जा रहा है। छात्रों ने प्रदर्शन का वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है। अमर उजाला इसकी पुष्टि नहीं करता है।
छात्रों का कहना है कि कई विद्यार्थी प्रदूषण संबंधी समस्याओं जैसे सांस लेने में दिक्कत, आंखों में जलन और सिरदर्द से जूझ रहे हैं। इसके बाद भी ऑफलाइन परीक्षा की तैयारी जारी रखी गई है। छात्रों ने रात देर तक नारेबाजी की और प्रशासनिक ब्लॉक के बाहर जाम जैसी स्थिति बना दी।
अधिकारी बोले- प्रदूषण स्तर और मेडिकल सलाह को ध्यान मेंं रख बनेगा परीक्षा प्रारूप
रोष जताने की जानकारी मिलते ही विश्वविद्यालय प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और छात्रों से बातचीत की। उन्होंने आश्वासन दिया कि एक्यूआई स्तर और मेडिकल सलाह को ध्यान में रखते हुए परीक्षा के प्रारूप पर विचार होगा। इसके बाद छात्रों का रुख नरम हो गया। विवि की पीआरओ मंजू मोहन ने कहा कि विवि में कोई हंगामा नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि वायरल वीडियो पुराने हो सकते हैं। विवि की ओर से पहले से ही परीक्षाएं ऑनलाइन मोड में लिए जाने की घोषणा की जा चुकी है। छात्रों को घर जाने की छूट दी गई है।