सोनीपत के गोहाना न्यायालय में आरोपी अश्वनी को पेश करने लेकर जाते पुलिस कर्मी। स्रोत: पुलिस प्रव
गोहाना। बरोदा थाना पुलिस ने गांव आहुलाना में डंडों से पीटकर युवक की हत्या के मामले में आरोपी अश्वनी को गिरफ्तार कर लिया। उसे न्यायालय के आदेश पर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। जांच में पता लगा है कि अश्वनी व उसका साथी अनिल गांव के ही संदीप के साथ एक माह पहले हरिद्वार गए थे। हरिद्वार में किसी कांवड़िये का बैग चोरी कर लिया था और आरोप अनिल पर लगा था। जबकि अनिल व अश्वनी को शक था कि बैग संदीप ने चोरी किया है। इसी रंजिश में उसकी हत्या की गई।
गांव आहुलाना निवासी संदीप गांव में चौपाल के बाहर बेंच पर गंभीर हालत में मिले थे। उनके भाई कुलदीप को जब पता लगा था वह उन्हें उठाकर घर ले गए थे और उनका उपचार करवाया था। संदीप ने अपने भाई कुलदीप को बताया था कि गांव के अनिल व अश्वनी ने उसे डंडों से बेरहमी से पीटा है। बाद में नागरिक अस्पताल में ले जाने पर उनकी मौत हो गई थी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया था। अब पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आराेपी अश्वनी को गिरफ्तार कर तीन दिन के रिमांड पर लिया है।
अश्वनी ने पूछताछ में पुलिस को बताया है कि वह, अनिल व संदीप के साथ एक माह पहले हरिद्वार गया था। वहां पर संदीप ने एक कांवड़िये का बैग चोरी कर लिया था, जिसका आरोप अनिल पर लगा था। अनिल की चोरी के शक में वहां पर पिटाई की गई थी। इसी रंजिश में संदीप की हत्या की गई। संदीप शनिवार रात को उनके पास आ गया था, जिसके बाद उन्होंने शराब पी। उसके बाद डंडों से पीटकर उसकी हत्या कर दी।