सोनीपत। महिला के साथ धोखाधड़ी करने, मारपीट, शोषण और ब्लैकमेलिंग करने के पांच हजार के इनामी आरोपी पवन को पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
एक महिला ने थाना शहर गोहाना में शिकायत दी थी कि वह एक कार्यालय में रिसेप्शनिस्ट है। अप्रैल 2024 में कार्यालय के पूर्व कर्मचारी देवेंद्र दहिया ने उन्हें बताया था कि वह गोहाना सैनीपुरा निवासी मुकेश को जानता है। मुकेश जादू-टोना कर पैसे दोगुना करता है।
देवेंद्र उन्हें मुकेश के पास लेकर गया। मुकेश ने उन्हें कागज से 500 रुपये का नोट बनाकर दिखाया। जब उसने इसके बारे में अपने बॉस गोपाल को बताया तो उन्होंने एक अन्य व्यक्ति के साथ मिलकर 10 लाख मुकेश को दे दिए। मुकेश ने एक थैला देकर यह कहा कि इसे एक माह के बाद खोलने पर इसमें से 20 लाख रुपये निकलेंगे।
एक माह बाद जब थैला खोला गया तो उसमें से 10 और 20 के सामान्य नोट मिले। 7 जनवरी को देवेंद्र ने उसे और उनके बॉस को गोहाना-पानीपत रोड पर एक मकान में बुलाया। वहां देवेंद्र की पत्नी और पवन नामक व्यक्ति भी मौजूद था।
षड्यंत्र के तहत उन्हें एक कमरे में लेजाकर डंडों से पिटाई की गई। उनके कपड़े उतरवाकर न्यूड फोटो लिया गया। यौन शोषण और ब्लैकमेलिंग की गई। इस दौरान उनसे एक करोड़ रुपये की मांग करते हुए ज्वेलरी लूट ली गई। उनसे सादे कागजात पर हस्ताक्षर करवाए गए।
मामले में क्राइम यूनिट गोहाना के निरीक्षक अंकित कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम ने तकनीक और सूचनाओं के आधार पर आरोपी पवन उर्फ पोना को गिरफ्तार कर लिया है। पवन पर पांच हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे दो दिन के रिमांड पर भेज दिया गया। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।