माई सिटी रिपोर्टर
कुंडली। गांव गढ़ी बाला के मूनक नहर पुल के नीचे कपड़े धोने गई महिला का पैर फिसल गया और वह तेज बहाव में डूब गई। मामले का पता लगते ही ग्रामीण एकत्रित हो गए और तलाशी अभियान शुरू करने की मांग की। गोताखोरों के देरी से पहुंचने के चलते गुस्साए ग्रामीणों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए नहर के पास गुजरती सड़क पर जाम लगा दिया। प्रशासन ने कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों को समझाकर जाम खुलवाया। बाद में दो बार ग्रामीणों ने नहर के नजदीक से गुजर रहे केएमपी पर जाकर जाम लगाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें वहां से हटा दिया। महिला की तलाशी के लिए अभियान जारी है।
गांव गढ़ीबाला निवासी सुनील (32) शनिवार सुबह नौ बजे नहर पर कपड़े धोने के लिए गई थी। कपड़े धोने के दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह नहर में जा गिरी। जिससे वह नहर में डूब गई। ग्रामीणों ने मामले की सूचना कुंडली थाना पुलिस व प्रशासन को दी। सूचना मिलते ही कुंडली थाना प्रभारी रवींद्र व बारोटा चौकी प्रभारी युद्धवीर सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। प्रशासनिक अमला भी मौके पर पहुंच गया। हालांकि गोताखोर मौके पर नहीं पहुंचे। जिसके चलते ग्रामीणों ने ही तलाशी अभियान जारी रखा। गोताखोरों के नहीं आने पर लोगों ने केएमपी पर जाम लगाने का प्रयास किया। जिस पर पुलिस ने उन्हें समझाकर हटा दिया। बाद में लोग वापस आ गए। उसके बाद भी गोताखोर नहीं आने पर लोगों ने बवाना रोड पर जाम लगा दिया। जिस पर तहसीलदार विकास ने लोगों को समझाकर जाम खुलवाया।
छह घंटे बाद आई गोताखोरों की टीम
परिजनों का आरोप था कि सुनील कुमारी सुबह साढ़े नौ बजे नहर में डूबी थी, दो बजे तक गोताखोर नहीं आए। छह घंटे बाद गोताखोरों के पहुंचने पर तलाशी अभियान शुरू हो सका। बाद में लोगों ने नहर का पानी कम कराने की मांग करते हुए फिर से बवाना रोड जाम कर दिया। तहसीलदार ने उन्हें आश्वासन दिया कि प्रशासन लगातार प्रयास कर रहा है। जिसके बाद ग्रामीण सड़क से हटे।
नहर पर कपड़े धोने आई महिला के डूबने की सूचना मिली थी। जिस पर उसकी तलाशी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। महिला का जल्द पता लगाने को प्रयास जारी है।
युद्धवीर सिंह, चौकी प्रभारी बारोटा।
गढ़ी बाला के पास महिला के डूबने के बाद केएमपी पर जाम लगाने का प्रयास कर रही महिलाओं को समझाती पुलि- फोटो : Sonipat