राई। गांव मुरथल के पास ट्यूब बनाने वाली फैक्टरी में काम करते हुए मशीन की चपेट में आने से एक मजदूर की मौत हो गई। हादसे की सूचना मुरथल थाना पुलिस को दी गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। पुलिस ने मजदूर की पत्नी के बयान पर फैक्टरी मालिक के खिलाफ लापरवाही का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया।
मूलरूप से बिहार के जिला वैशाली के गांव मुक्की फिलहाल बहालगढ़ निवासी रणजीत (32) कुछ समय से मुरथल स्थित ट्यूब बनाने वाली फैक्टरी में काम करता था। रविवार को गणतंत्र दिवस की छुट्टी होने के बावजूद फैक्टरी के मालिक ने मजदूरों को काम पर बुलाया था। इस दौरान काम करते समय रणजीत मशीन की चपेट में आने से घायल हो गया। साथी मजदूरों ने उसे शहर के सामान्य अस्पताल में पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। फैक्टरी में हुए हादसे की सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने मृतक की पत्नी पिंकी के बयान पर फैक्टरी मालिक के खिलाफ लापरवाही का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने सोमवार को शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया।
मफरल मशीन में आने से हुआ हादसा
उसके साथ काम कर रहे साथियों ने बताया कि रणजीत ठंड से बचने के लिए गले में मफरल डालकर काम कर रहा था। काम के दौरान उसका मफरल मशीन के पट्टे में आ गया और मजदूर मशीन की चपेट में आ गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बाद में उसकी मौत हो गई। अस्पताल में पहुंचे मजदूरों ने रोष जताया कि लापरवाही के चलते ही यह हादसा हुआ है।
मशीन की चपेट में आकर मजदूर की मौत हो गई। मजदूर की पत्नी के बयान पर फैक्टरी मालिक के खिलाफ लापरवाही का मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है। - कृष्ण कुमार, जांच अधिकारी, थाना मुरथल।