फोटो : 17: रामप्रसाद (फाइल फोटो)
- फोटो : 1
सोनीपत। सेक्टर-27 थाना क्षेत्र के गांव गढ़ सहजानपुर में दोस्त के घर युवक की मौत के मामले में पुलिस ने हत्या की धारा में मुकदमा दर्ज किया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पिटाई से मौत की पुष्टि हुई है।
थाना सेक्टर-27 में चरन सिंह निवासी ग्राम पचवा जिला फिरोजाबाद, उत्तर प्रदेश ने एफआईआर दर्ज करवाते हुए बताया कि वह पिछले बीस साल से परिवार के साथ गढ़ सहजानपुर गांव में विकास फौजी के मकान में किराये पर रहते हैं।
उनका छोटा भाई रामप्रसाद पांच साल से गांव गढ़ सहजानपुर में ही किराये के मकान में रहकर नर्सरियों से पौधे खरीदकर आस-पास के सेक्टरों में बेचता था। शुक्रवार को रामप्रसाद की साहिद के किराये के मकान में मौत हो गई।आसपास पता करने पर जानकारी मिली कि वीरवार की रात को साहिद के लड़के का जन्मदिन था।
शाहिद ने अपने दोस्तो को पार्टी में बुलाया था। पार्टी में सभी ने शराब पी थी। बाद में विवाद के बाद शाहिद ने अपने साथियों के साथ मिलकर रामप्रसाद की हत्या कर दी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बताया गया है कि रामप्रसाद की मौत चोट लगने के कारण हुई है।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि साहिद और उसके दोस्तों ने ही झगड़े के बाद मिलकर उनके भाई की हत्या की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।