सोनीपत। इंडस्ट्रियल मॉडल टाउनशिप (आईएमटी) खरखौदा में जल्द ही दमकल केंद्र का निर्माण किया जाएगा। इस निर्माण पर 6.68 करोड़ रुपये खर्च होंगे। हरियाणा राज्य औद्योगिक संरचना विकास निगम (एचएसआईआईडीसी) की ओर से दमकल केंद्र के निर्माण के लिए टेंडर लगाया गया है। टेंडर का आवंटन होने के बाद निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। जुलाई 2023 में हरियाणा सरकार ने तय किया है कि प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्रों में कम से कम एक दमकल केंद्र जरूर स्थापित होगा। जहां फैक्टरियों की संख्या अधिक है और एरिया बड़ा है, वहां दो केंद्र भी बनाए जा सकते हैं।
इसके लिए मैपिंग करके प्रथम चरण में खरखौदा, सोहना व साहा की आईएमटी में दमकल केंद्र स्थापित करने के निर्देश दिए गए थे। उसके बाद अब एचएसआईआईडीसी की ओर से दमकल केंद्र निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू की गई है।
खरखौदा के मटिंडू चौक बाईपास स्थित दमकल केंद्र में मात्र तीन दमकल गाड़ियां हैं। इनके भरोसे आईएमटी, फिरोजपुर बांगर और आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों के साथ खेतों में लगने वाली आग को नियंत्रित किया जाता है। आईएमटी के 32 सौ एकड़ के पहले फेज पर मारुति सुजुकी व यूनो मिंडा जैसे बड़े नाम जुड़ जाने के बाद इस आईएमटी का विस्तार बहुत ही खास मायने रखता है।
दमकल केंद्र वर्ष 2019 में शुरू हुआ था मगर आज तक पानी की कोई स्थायी व्यवस्था नहीं हो पाई है। केंद्र में मौजूद टैंक वर्षों से खाली पड़ा है।
फरमाणा तक यहीं से जाती हैं गाड़ियां
खरखौदा से करीब 22 किलोमीटर दूर स्थित फरमाणा जैसे गांवों में आग लगने की घटना पर भी यहीं से गाड़ियां भेजनी पड़ती हैं। क्षेत्रफल बड़ा है लेकिन न तो उपकेंद्र है और न ही अतिरिक्त संसाधन। इस कारण आग लगने पर कई बार देरी होती है जिससे किसानों और आमजन को भारी नुकसान उठाना पड़ता है।
फिरोजपुर बांगर में टैंक बनाए जाने की जरूरत
दिल्ली मार्ग पर फिरोजपुर बांगर औद्योगिक क्षेत्र व आसपास के दस गांवों की 3,200 एकड़ जमीन में आईएमटी है। यहां पर पानी का एक टैंक बनाए जाने की आवश्यकता है ताकि आग लगने के दौरान पानी के लिए खरखौदा न भागना पड़े। दमकल की गाड़ियों को स्थानीय स्तर पर ही पानी उपलब्ध हो सके।
वर्जन..
आईएमटी परिसर में दमकल केंद्र निर्माण के लिए टेंडर लगाया गया है। टेंडर का आवंटन होने के बाद निर्माण शुरू कराया जाएगा। केंद्र का निर्माण होने के बाद यहां पर चार दमकल गाड़ियां एक साथ खड़ी की जा सकेंगी।
जगदीश कादियान, एक्सईएन, एचएसआईआईडीसी