-फोटो 95 : अनाज मंडी में पटाखे जब्त करने का विरोध करते दुकानदार। स्रोत सोशल मीडिया
बहादुरगढ़। शहर की अनाज मंडी में शनिवार दोपहर बाद पटाखे जब्त करने पहुंची नगर परिषद की टीम को ही लेने के देने पड़ गए। कार्रवाई के दौरान दुकानदारों और वहां मौजूद लोगों ने हंगामा कर अधिकारियों को घेर लिया। देखते ही देखते ट्रैक्टर-ट्रॉली में रखे जब्त पटाखे भीड़ छीन ले गई।
नगर परिषद के एमई जोगेंद्र सिंह सिंधु के नेतृत्व में टीम अनाज मंडी पहुंची थी। यहां खुलेआम स्टॉल लगाकर पटाखे बेच रहे दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए टीम ने कई दुकानों से 20 किलो से अधिक पटाखे जब्त किए। जब्त पटाखों को ट्रैक्टर-ट्रॉली में रखा जा रहा था। इसी दौरान दुकानदारों और मौके पर मौजूद लोगों ने विरोध शुरू कर दिया।
देखते ही देखते हंगामा बढ़ गया और भीड़ ने नगर परिषद अधिकारियों को घेर लिया। आरोप है कि लोगों ने अधिकारियों पर धावा बोलते हुए ट्रॉली में रखे सभी जब्त पटाखे वापस निकाल लिए। इस दौरान नगर परिषद की टीम को कार्रवाई बीच में ही रोकनी पड़ी।
स्थिति बिगड़ती देख नगर परिषद अधिकारियों ने मौके से एक व्यक्ति को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। उसे लाइनपार थाना पुलिस को सौंपा गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
नगर परिषद की टीम अनाज मंडी में पटाखे जब्त करने के लिए पहुंची थी। यहां पर सामान को ट्राली में डालने के दौरान लोगों ने विरोध शुरू किया। इसमें एक युवक को पकड़ा गया है और उसे पुलिस के हवाले किया गया है।
-जोगेंद्र सिंधु, एमई, नगर परिषद, बहादुरदगढ़।
-फोटो 95 : अनाज मंडी में पटाखे जब्त करने का विरोध करते दुकानदार। स्रोत सोशल मीडिया