संवाद न्यूज एजेंसी
खरखौदा। बुलेट बाइक के साइलेंसर से तेज आवाज निकालकर लोगों को परेशान करना युवक को महंगा पड़ गया। ट्रैफिक पुलिस ने 21 हजार रुपये का चालान करते हुए बाइक को जब्त कर लिया है। ट्रैफिक यूनिट खरखौदा की टीम शहर में यातायात नियमों का पालन करवाने के लिए जांच अभियान चला रही थी।
इसी दौरान बुलेट बाइक चालक दिल्ली मार्ग पर सब्जी मंडी के पास मोडिफाइड साइलेंसर लगाकर तेज आवाज करता हुआ निकला। बाइक से निकल रही तेज आवाज के कारण राहगीरों और आसपास के लोगों को परेशानी हो रही थी। पुलिस ने तुरंत बाइक को रुकवाकर उसका चालान कर दिया।
ट्रैफिक यूनिट में तैनात एसआई राजेश ने बताया कि वाहन में अवैध रूप से संशोधित साइलेंसर लगाया गया था जिससे अत्यधिक ध्वनि प्रदूषण फैल रहा था। 21 हजार रुपये का चालान करने के साथ बाइक जब्त कर ली गई है।