केजीपी पर गांव जाखौली टोल प्लाजा के पास कैंटर के अंदर सो रहे चालक की जेब काटकर चोर 96 हजार की नकदी और मोबाइल फोन चोरी कर ले गए। चालक व उसका साथी दिल्ली से पानीपत जाते हुए नींद आने पर कैंटर के अंदर सो गए थे। पुलिस ने चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
महाराष्ट्र के जिला यवतमाल स्थित वार्ड-4 तालूका वानी निवासी मोहम्मद शहानवाज ने राई थाना पुलिस को बताया कि वह कैंटर चालक है। वह 25 अगस्त की रात को साथी मोहम्मद वकील के साथ दिल्ली से पानीपत के लिए चला था। देर रात डेढ़ बजे जब वह केजीपी के जाखौली टोल पर पहुंचे तो उसे नींद आने लगी। उसने कैंटर को टोल के पास सड़क किनारे रोक दिया और सो गए। सुबह साढ़े चार बजे जब उसकी आंख खुली तो उसकी पेंट की जेब कटी हुई थी और 96 हजार रुपये गायब थे। साथ ही उसका मोबाइल फोन भी गायब था। उसने पुलिस को अवगत कराया है। राई थाना पुलिस ने चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। कैंटर चालक ने बताया कि उसे शक है कि किसी ने उन्हें नशीला पदार्थ सुंघा दिया था। पुलिस चोरों का पता लगाने के लिए टोल पर लगे सीसीटीवी खंगाल रही है।