अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत।
सोनीपत-चंडीगढ़ हाईवे पर भिगान के पास शनिवार को बिना किसी तैयारी के शुरू किया गया टोल प्लाजा लोगों के लिए मुसीबत बन गया। टोल प्लाजा शुरू होते ही अव्यवस्था फैल गई और हाईवे पर दोनों तरफ 5-5 किलोमीटर तक जाम लग गया। राहगीर दिनभर जाम में फंसते रहे। जाम की वजह से राहगीरों की टोल कर्मियों से कई बार बहस हुई और हंगामा भी हुआ। इसी बीच सांसद टोल पर लगे जाम में फंस गए। सूचना मिलते ही एसडीएम मौके पर पहुंचे और टोल हटवा दिया। करीब 25 मिनट तक बिना टोल दिए वाहनों को निकाला गया, तब कहीं जाकर सांसद को राह मिली। इसके बाद फिर से टोल शुरू कर दिया गया। वाहन चालक दिनभर जाम में जूझते रहे।
शनिवार को राष्ट्रीय राजमार्ग- 1 (सोनीपत-चंडीगढ़ हाईवे) पर गांव भिगान के पास सुबह आठ बजे जैसे ही टोल प्लाजा को शुरू किया तो भारी अव्यवस्था के चलते गंभीर स्थिति बन गई। टोल प्लाजा को कंपनी के कारिंदों ने बिना किसी तैयारी के शुरू कर दिया। इसकी वजह से दिल्ली व पानीपत लेन पर वाहनों का भारी जाम लग गया। जाम में फंसे वाहन चालकों की टोल कर्मियों के साथ कई झड़प भी हुई। काफी विरोध के बाद शनिवार सुबह हाईवे पर गांव भिगान के पास टोल प्लाजा शुरू कर दिया गया। दिल्ली व पानीपत की तरफ जाने वाले वाहन चालकों के लिए दस-दस लेन बनाई गई हैं। कुल 20 बॉक्सों के जरिये दिल्ली व पानीपत की तरफ वाहन चालकों से टोल टैक्स वसूला जा रहा है।
टोल प्लाजा शुरू होते ही हाईवे पर वाहन चालकों की लंबी कतार लग गई। टोल प्लाजा का ठेके लेने वाली कंपनी स्काईलार्क के प्रतिनिधियों ने टोल शुरू करने से पहले वीआईपी व एंबुलेंस लेन के लिए अलग जगह निर्धारित नहीं की। इसकी वजह से सांसद रमेश कौशिक भी जाम में फंस गए। पानीपत की तरफ गांव लडसौली व दिल्ली की तरफ मुरथल फ्लाईओवर तक वाहनों की लंबी कतार लग गईं। लंबे जाम की सूचना पाकर जब सोनीपत एसडीएम जितेंद्र मौके पर पहुंचे तो उन्होंने कंपनी के प्रतिनिधियों पर फटकार लगाई व वाहनों को फ्री करवाते हुए जाम खुलवाया। इस दौरान सांसद को निकालने के लिए करीब 25 मिनट तक टोल को फ्री कर दिया गया था। सांसद की गाड़ी के निकलते ही टोल फिर से लगा दिया गया। टोल प्लाजा पर पहले दिन सीसीटीवी भी नहीं लगाए गए थे, इसलिए वारदात होने पर अपराधी तक पहुंचना प्रशासन के लिए परेशानी बन सकता था। इस दौरान एक कार का शीशा टूटने से चालक पहले दूसरी कार के चालक व बाद में पुलिस से उलझ गया। काफी गहमा-गहमी के बाद पुलिस ने उसे शिकायत देने व कार्रवाई करने का आश्वासन देकर शांत किया।
भारी पुलिस बल किया गया था तैनात
टोल प्लाजा पर सुरक्षा को लेकर भारी पुलिस बल भी तैनात किया गया था। कई बार झड़प की नौबत आने पर मौके पर मौजूद पुलिस ने उसे अपने स्तर पर ही निपटा दिया। टोल प्लाजा की तरफ से भी अपने सुरक्षा कर्मी तैनात किए गए थे। टोल प्लाजा का ठेका लेने वाली कंपनी व्यवस्था को पूर्ण नहीं करती तो वाहन चालकों के साथ प्रशासन को भी इसका खामियाजा भुगतना पड़ सकता है।
भारत-पाकिस्तान बस को मिलेगी अलग लेन
दिल्ली-लाहौर सदा-ए-सरहद बस को टोल प्लाजा पर सुबह व शाम अलग लेन दी जाएगी। इसके लिए पुलिस की पायलट के चालक को टोल प्लाजा कर्मियों से मिलवा दिया गया। जब भी बस सोनीपत में प्रवेश करेगी उसी दौरान टोल प्लाजा पर एक लेन खाली करवाई जाएगी।
पहले दिन के चलते हुई कुछ दिक्कत
एनएचएआई के प्रबंधक प्रशांत कुमार का कहना है कि पहला दिन होने की वजह से वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। जो भी कमी रह गई है, उसे शीघ्र पूरा कर दिया जाएगा, ताकि वाहन चालकों को कोई परेशानी न हो।
व्यापारी भी टोल के विरोध में उतरे
शनिवार को जिला व्यापार मंडल भी टोल प्लाजा के विरोध में उतर आया। व्यापारी संगठन का कहना है कि यह व्यापारियों की कमर तोड़ने वाला फैसला है। व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष संजय सिंगला ने व्यापारियों के साथ बैठक कर इस फैसले पर कड़ा ऐतराज जताया। उन्होंने कहा कि सोनीपत में व्यापार करना कारोबारियों के लिए कठिन हो जाएगा। गन्नौर और सोनीपत या आसपास के शहरों में रोज आना जाना रहता है। ऐसे में भारी भरकम टोल देने से कारोबारियों को महंगा किराया देना होगा। इस पर सरकार को तुरंत से निर्णय लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस टोल में सोनीपत को पूरी तरह से छूट मिलनी चाहिए। सोनीपत के किसी भी वाहन से टोल नहीं लिया जाना चाहिए। साथ ही पूरी तैयारी के बाद ही टोल को शुरू किया जाना चाहिए था। इससे जाम में फंसे लोगों का स्वास्थ्य भी प्रभावित हुआ है।
आम आदमी पार्टी ने फूंका पुतला
टोल को लेकर आम आदमी पार्टी ने भी विरोध जताया। पार्टी के कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार का पुतला फूंककर विरोध जताया। जिलाध्यक्ष अनिल तुषीर ने कहा कि टोल से लाखों लोग प्रभावित होंगे। सोनीपत व पानीपत के लोगों को टोल से फ्री गुजारा जाए। इस दौरान राकेश, जयभगवान, सरोजबाला, सतपाल, मंजीत, जितेंद्र, मदन, धर्मेंद्र, भीम आदि मौजूद रहे। वहीं इनेलो ने प्रशासन कोज्ञापन देकर स्थानीय लोगों को टोल से छूट देने मांग रखी।
गडकरी के सामने मुद्दा उठाएंगे सीएम : जैन
भाजपा के प्रदेश मीडिया विभाग प्रमुख राजीव जैन ने कहा कि भिगान में टोल स्थापित किए जाने का मामला मुख्यमंत्री मनोहर लाल के संज्ञान में लाया जा चुका है। जिसे जल्द ही केंद्रीय राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के सामने उठाते हुए लोगों को राहत दिलाई जाएगी। उन्होंने बताया कि दिल्ली से करनाल तक तीन टोल पहले ही हैं। इसमें करनाल, पानीपत एवं डाहर टोल शामिल हैं। ऐसे में एक टोल बढ़ने से वाहन चालकों की मुश्किलें बढ़ रही हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि टोल प्लाजा पर आसपास के 20 किलोमीटर दायरे में रहने वाले लोगों का मासिक पास बनेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह टोल राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या एक के छह मार्गीय बनने के बाद वर्ष 2010 में स्थापित हो जाना था, लेकिन किसी कारण स्थापित नहीं हुआ। भविष्य में जीटी रोड के 12 मार्गीय बनने के बाद भी एक ही टोल रहेगा। उन्होंने बताया कि पूर्व सरकार के समय में ही जीटी रोड पर किलोमीटर संख्या 29.30 से किलोमीटर संख्या 86.00 तक छह मार्गीय करने के लिए इस टोल को भिगान में लगाना तय हुआ था। राजीव जैन ने कहा कि आसपास के लोगों का मासिक पास बनेगा और इसके लिए उन्हें प्रति माह 245 रुपये चुकाना होगा। विपक्ष तथ्यों के आधार पर बात करे, गलत भ्रांति न फैलाए।