सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ मुरथल ढाबे पर खड़ी कार में चोरी करता संदिग्ध। संवाद
- फोटो : Sonipat
जीटी रोड पर मुरथल के पास स्थित एक होटल की पार्किंग में खड़ी ब्रेजा गाड़ी का शीशा तोड़कर चोर 9.90 लाख रुपये चोरी कर ले गए। दिल्ली का कारोबारी होटल में आयोजित शादी समारोह में भाग लेने आया था। पुलिस ने चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस टीम चोरों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
दिल्ली के बुध विहार फेज-1 निवासी शुभम सिंगला ने बताया कि वह श्री श्याम पेपर प्रोडक्ट के नाम से कारोबार करते हैं। वह शनिवार रात को करीब दस बजे जीटी रोड पर एक शादी समारोह में शामिल होने आए थे। उन्होंने मुरथल स्थित श्रीजी होटल की पार्किंग में अपनी ब्रेजा गाड़ी खड़ी कर दी थी। उनको हिसार के कारोबारी मनोज सिंगला ने दस लाख रुपये का भुगतान किया था। उन्होंने वह रुपये गाड़ी की डिग्गी में रख दिए थे। कुछ देर बार वह डिग्गी में से 10 हजार रुपये निकालकर ले गए। बाकी 9.90 लाख रुपये डिग्गी में ही रखे थे। वह शादी से रात में करीब ढाई बजे वापस आए। वह पार्किंग से अपनी गाड़ी लेने पहुंचे। वहां पर गाड़ी का चालक साइड वाला शीशा टूटा हुआ था। उन्होंने अपनी गाड़ी को चेक किया तो डिग्गी में रखे 9.90 लाख रुपये चोरी हुए मिले। शुभम सिंगला ने इसकी सूचना पुलिस कंट्रोल रूम में दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की और फिंगर प्रिंट एकत्र कराए। पुलिस ने शिकायत पर चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने रविवार को होटल के सीसीटीवी चेक किए। कुछ संदिग्ध कार के पास दिखाई दिए हैं। मुरथल थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुखबीर सिंह ने बताया कि पुलिस टीम मामले की जांच कर रही है। जल्द चोरों का पता लगाया जाएगा।