16jjrp12- राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस पर सिविल अस्पताल में महिला का टीकाकरण करती स्वास्थ्य कर्मचारी।
झज्जर। राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य विभाग की तरफ से सोमवार को जिले भर में विशेष टीकाकरण अभियान चलाया गया।यह अभियान जिला उपायुक्त स्वप्निल रविंद्र पाटील के मार्गदर्शन में विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों एवं सत्र स्थलों पर बच्चों का टीकाकरण किया गया।
कार्यक्रम अधिकारी एवं उप सिविल सर्जन डॉ. बसंत दुबे ने बताया कि सिविल सर्जन डॉक्टर मंजू कादयान के निर्देश अनुसार जिले में विशेष जागरूकता गतिविधियां एवं टीकाकरण सत्र आयोजित किए गए। सत्रों के दौरान सोमवार को पूरे जिले में कुल 869 टीके लगाए गए।
उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की तरफ से सुनिश्चित किया जा रहा है कि कोई भी बच्चा टीकाकरण से वंचित न रहे और छूटे हुए बच्चों का टीकाकरण भी जल्द पूरा किया जाए।
सिविल सर्जन झज्जर डॉ. मंजू कादयान ने जिले के अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि 5 वर्ष तक के सभी बच्चों का समय पर पूर्ण टीकाकरण अवश्य करवाएं। उन्होंने बताया कि टीकाकरण बच्चों को कई गंभीर बीमारियों से बचाने का सबसे सुरक्षित और प्रभावी माध्यम है।
साथ ही 14 वर्ष की किशोरियों के लिए एचपीवी वैक्सीन भी स्वास्थ्य संस्थानों पर उपलब्ध है जिससे भविष्य में सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव संभव है।
स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से अपील की है कि वे टीकाकरण से संबंधित अफवाहों पर विश्वास न करें और नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र, आशा या एएनएम से संपर्क कर बच्चों एवं किशोरियों का टीकाकरण अवश्य करवाएं।