सोनीपत। बिजली निगम की विजिलेंस टीम ने सोमवार को जिले भर में कार्रवाई की। बिजली निगम की 34 टीमों ने जिलेभर में 1,892 जगह कार्रवाई की। इस दौरान टीम ने 181 बिजली चोरों को पकड़ा है। 305 किलोवाट की एवज में 64.71 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। दिनभर चली कार्रवाई के दौरान अधिकारी हर तीन घंटे में फीडबैक लेते रहे।
बिजली निगम की ओर से सोमवार सुबह अभियान शुरू करते ही आला अधिकारी भी फील्ड में उतरे। बिजली निगम रोहतक जोन के चीफ इंजीनियर अश्विनी मुख्य रूप से गोहाना में अभियान की समीक्षा करने पहुंचे। निगम के एसई संदीप जैन भी गोहाना पहुंचे। एक्सईएन धर्मबीर सिंह छिक्कारा ने बताया कि गोहाना में निगम की सात टीमों और विजिलेंस की एक टीम ने कार्रवाई की।
विजिलेंस टीम ने 27 बिजली चोर, लगाया 6 लाख जुर्माना
विजिलेंस टीम ने सोमवार को गन्नौर क्षेत्र 27 उपभोक्ताओं को बिजली चोरी करते पकड़ा। यह उपभोक्ता सीधे खंभे पर कुंडी मारकर बिजली चोरी कर रहे थे। ऐसे उपभोक्ताओं पर करीब 6 लाख रुपये जुर्माना किया है। जुर्माना राशि की अदायगी न करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ निगम अधिकारी आगामी कार्यवाही अमल में लाएंगे। सोमवार दोपहर करीब 12 बजे रोहतक विजिलेंस की टीम गन्नौर पहुंची। इसके तुरंत बाद दो टीमें भी गठित की थी।
---
वर्जन
जिलेभर में लाइन लॉस वाले क्षेत्रों की पहचान कर कार्रवाई की गई। बिजली निगम की विजिलेंस टीम ने 181 जगह बिजली चोरी पकड़ी। कार्रवाई की वीडियोग्राफी करवाई की गई। बिजली चोरी करने वालों पर 64.71 लाख रुपये जुर्माना लगाया है।
- संदीप जैन, एसई, बिजली निगम।