संवाद न्यूज एजेंसी
गोहाना। नगर परिषद के पालिका रोल के सफाईकर्मी पक्का करने की मांग को लेकर सोमवार को भी 33वें दिन धरने पर बैठे रहे। पालिका रोल के 59 में से 56 कर्मचारी धरना दे रहे हैं। सोमवार को नगर पालिका कर्मचारी संघ के राज्य प्रधान नरेश कुमार शास्त्री कर्मचारियों के बीच पहुंचे। उन्होंने मांगें पूरी नहीं होने तक हड़ताल जारी रखने का निर्णय लिया।
उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं, जिन्हें सरकार ने मई माह में हुए आंदोलन के दौरान पूरा करने का आश्वासन दिया था। आंदोलन के दौरान सरकार के साथ 17 मांगें पूरी करने को लेकर सहमति बनी थी।
सरकार ने इन मांगों को पूरा करने के लिए दो माह में नोटिफिकेशन जारी करने का आश्वासन दिया था। सरकार ने कर्मचारियों के साथ वादाखिलाफी की है। विभिन्न नगर परिषदों की ओर से कर्मचारियों को काम से हटाने के नोटिस भी दिए गए हैं। इस कार्रवाई से कर्मचारियों में रोष है। इस अवसर पर प्रेम कुमार, सुरेश यादव, भारत खंडेरा आदि उपस्थित थे।
पुलिस की मदद से किया जा रहा कचरे का उठान
नगर परिषद द्वारा पुलिस की मदद से शहर में कचरे का उठान करवाया जा रहा है। नगर परिषद के स्थायी और एजेंसी के 145 कर्मचारी नियमित रूप से कचरे का उठान कर रहे हैं। शहर में कचरे के पुराने ढेरों का उठान किया जा चुका है।
शहर में कचरे का नियमित रूप से उठान करवाया जा रहा है। उन्होंने शहरवासियों से सड़कों पर कचरा नहीं डालने की अपील की। कचरा उठाने के लिए गाड़ियां घर-घर पहुंच रही हैं। कचरे को नप की गाड़ियों में ही डालें, ताकि सार्वजनिक स्थानों पर कचरे के ढेर न लगें।
- दुर्गा देवी, मुख्य सफाई निरीक्षक, नगर परिषद, गोहाना