अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत। भारतीय किसान महासंघ ने प्रदेश महासचिव वीरेंद्र बढ़खालसा ने कहा कि किसानों की मांगों को लेकर संघ कई सालों से संघर्ष कर रहा है। जिनको सरकार ने मानने का वादा किया था, लेकिन सरकार ने अधिकतर मांगों को अभी तक पूरा नहीं किया है। इसलिए ही 25 अक्तूबर को वादा याद दिलाओ प्रदर्शन किया जाएगा।
प्रदेश महासचिव वीरेंद्र बढ़खालसा ने रेस्ट हाउस में प्रेस वार्ता करते हुए कहा कि केजीपी व केएमपी पर स्थानीय गांवों के लिए टोल फ्री किए जाए। हाइवे का मुआवजा पलवल के आधार पर देने व भूमि अधिग्रहण से जुड़े विवाद निपटाने, सोनीपत में मेट्रो लाने की मांग की गई। उन्होंने कहा कि नांगल से सेरसा गांव के बीच ड्रेन नंबर आठ पर पुल का निर्माण कराया जाए। बहादुरगढ़ हाइवे की हालत खराब है, जिससे किसानों व आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अधिकारियों की अनदेखी के चलते हाइवे की स्थिति दुरुस्त नहीं कराई जा रही। उन्होंने बहादुरगढ़ हाइवे दुरुस्त करवाने की मांग की। उन्होंने कहा कि रेत के अवैध स्टॉक तुरंत बंद कराये जाए। जिन किसानों के मकान भूमि अधिग्रहण में शामिल किए गए थे, उन्हें जल्द छोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि सभी मांगों को लेकर राई स्पोर्ट्स स्कूल के सामने वादा याद दिलाओ प्रदर्शन किया जाएगा। इस दौरान जिलाध्यक्ष चांद सिंह मान, जिला मंत्री प्रवीण कुमार, मुकेश कुमार दहिया, अनुराग मलिक आदि मौजूद रहे।