संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत/खरखौदा। ऑनलाइन गेमिंग के नाम पर गांव सिसाना के अजय से 4.60 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। अजय की शिकायत पर साइबर क्राइम थाना सोनीपत ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच में जुट गई है।
अजय ने बताया कि उनके पास अज्ञात व्यक्ति की फोन कॉल और मैसेज आया। इसके बाद नंबर टेलीग्राम के रम्मी ओला ऑफिशियल नामक ग्रुप में जोड़ दिया गया। ग्रुप के सदस्यों ने दावा किया कि लगातार निवेश करने पर आपको वीआईपी मेंबर बना दिया जाएगा। इससे और अधिक लाभ मिलेगा।
अजय ने बताया कि वह झांसे में आ गया। उससे रम्मी ओला और बीसी गेम जैसे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर अकाउंट बनवाकर रकम जमा करवाई गई। शुरुआत में छोटी-छोटी राशि निवेश करवाई गई पर डेढ़ महीने तक लगातार अलग-अलग रकम डलवाई जाती रही।
अजय ने रिश्तेदारों और परिचितों से उधार लेकर पैसे निवेश किए। धीरे-धीरे नुकसान बढ़ता चला गया। हर बार नुकसान की भरपाई का झांसा देकर और पैसे डालने के लिए कहा गया। जब उसने अपनी राशि निकालने का प्रयास किया तो संपर्क बंद कर दिया गया।
अजय ने हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई। इसके आधार पर साइबर क्राइम थाना सोनीपत में मामला दर्ज किया गया है। जांच में सामने आया कि पीड़ित से अलग-अलग तारीखों में कई यूपीआई और बैंक खातों में करीब 4.60 लाख रुपये ट्रांसफर कराए गए हैं। ये खाते फर्जी दस्तावेजों के आधार पर खुलवाए गए बताए जा रहे हैं।
लोगाें को सतर्क रहना चाहिए
साइबर क्राइम पुलिस ने आम जन से अपील की है कि टेलीग्राम, व्हाट्सएप या अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर निवेश और गेमिंग के नाम पर मिलने वाले लालच से बचें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत शिकायत करें।