सोनीपत। हाईवे पर नियमों को ताक पर रख विद्यार्थियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले स्कूल बस चालकों पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। पहले ही दिन पुलिस ने 15 स्कूल बस चालकों के चालान किए है। साथ ही चेतावनी दी गई है इस अभियान को लगातार जारी रखा जाएगा।
सोमवार को ट्रैफिक थाना प्रभारी धीरेंद्र व उप निरीक्षक विक्रम की टीम हाईवे पर जांच के लिए उतरी। टीम ने नियमों की अवहेलना करने वाले स्कूल संचालकों की जमकर खबर ली। टीम ने एक ही दिन में टीडीआई इंटरनेशनल सहित 15 स्कूल बसों के चालान किए। टीम ने इस दौरान अलग-अलग स्थानों पर नाके लगा रखे थे। हाईवे पर दौड़ने वाली स्कूल बसों की बारीकी से जांच की गई। जिससे बच्चों की जिंदगी से खिलवाड़ न हो सके।
बसों में यह मिली कमियां
स्कूल बसों की जांच के दौरान यह कमियां पाई गई।
-स्कूल बसों की नंबर प्लेट नियमों के अनुसार नहीं मिली। वर्तमान में हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगाना अनिवार्य किया गया है।
-बसों के चालक व परिचालक पूरी वर्दी में नहीं मिले। किसी ने जूते नहीं पहने थे तो कोई नेम प्लेट नहीं लगाए थे।
-कई बस चालक सीट बेल्ट लगाए बगैर वाहन चलाते पकड़े गए।
-कई बसों के अंदर अग्निशमन यंत्र तक नहीं पाए गए।
वर्जन
हाईवे पर बस चालक निर्धारित नियमों को ताक पर रखकर वाहन चलाते है। जिससे बच्चों की जिंदगी पर खतरा मंडराता रहता है। इसी को लेकर स्पेशल अभियान शुरू किया गया है। अब नियमों को तोड़ने वालों के खिलाफ सख्ती से निपटा जाएगा। चालकों को नियमों का पालन करने की नसीहत दी गई है।
धीरेंद्र, थाना ट्रैफिक प्रभारी।