सोनीपत। साइबर ठग लोगों को झांसे में लेकर मेहनत की कमाई हड़प रहे हैं। खरखौदा क्षेत्र के युवक को शेयर बाजार में मोटी कमाई का लालच देकर 9.42 लाख रुपये ठग लिए गए। वहीं गोहाना के युवक की मोबाइल पर कॉल कर अश्लील वीडियो बनाकर 13.28 लाख रुपये ठगे गए। पीड़ितों के बयान पर साइबर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
केस- 1
खरखौदा क्षेत्र निवासी मनीष ने साइबर थाना पुलिस को बताया कि वह 28 मई को अपने मोबाइल पर सोशल मीडिया देख रहे थे। तब उनकी नजर शेयर ट्रेडिंग के एक लिंक पर गई थी। उन्होंने उस पर क्लिक कर दिया था। इसके बाद उन्हें केसीएल ट्रेडिंग एलायंस नाम के व्हाट्सएप ग्रुप दिखाई दिया था। उन्होंने उस ग्रुप से जुड़ने के लिए कहा गया। उन्होंने उसे अपने फोन पर अपलोड कर लिया था। दो-तीन दिन तक उसके सदस्यों को मुनाफा होते देख उन्हें भी ट्रेडिंग में रुपये लगाने की लालसा हुई। वह उसमें जुड़ गए। उन्होंने पहले पांच हजार रुपये लगाए। इके बाद रुपये लगाकर उन्होंने 61 हजार रुपये प्राप्त कर लिए। फिर उन्होंने अपने परिवार व दोस्तों के भी रुपये जमा कराए। उन्होंने 26 बार में 9 लाख 42 हजार रुपये जमा करा डाले। यह राशि 31 मई से 8 जुलाई तक जमा कराई। बाद में उन्होंने अपने एप को गूगल प्ले स्टोर से हटा दिया। फिर एक अन्य एप डाउनलोड कराया। जब रुपये निकालने का प्रयास किया तो राशि नहीं मिली।
केस-2
गोहाना क्षेत्र के युवक ने साइबर थाना पुलिस को बताया कि 18 जुलाई को वह घर पर थे। उनके पास एक युवती की व्हाट्सएप कॉल आई थी। वह पूरी तरह से निर्वस्त्र थी। उसने फर्जी तरीके से उनकी अश्लील वीडियो बना लिया। उसके बाद उनके पास एक अन्य से व्हाट्सएप कॉल आई। उसने कहा कि वह दिल्ली साइबर क्राइम ब्रांच से इंस्पेक्टर बोल रहे हैं। उसके खिलाफ एक युवती ने शिकायत दी है कि उसका आपके साथ एक अश्लील वीडियो है। किसी ने सोशल मीडिया कर्मी बनकर बात की और वीडियो अपलोड होने से रोकने के लिए रुपये देने की मांग की। डरकर उन्होंने करीब ढाई लाख रुपये उनके दिए नंबर पर भेज दिए। उसके बाद फिर कॉल कर कहा गया कि आपकी वीडियो पांच स्थानों से अपलोड हो रहा है। सभी को रुपये देने होंगे। उन्होंने अलग-अलग खातों में पांच लाख, तीन लाख व 1.98 लाख रुपये डाल दिए। 19 जुलाई को फिर से एक लाख रुपये मांगे गए। उन्होंने 80 हजार रुपये भेज दिए। फिर उनके पास अलग-अलग नंबर से धमकी आई। उन्होंने करीब 13.28 लाख रुपये उन्हें दे दिए। बाद में पता लगा कि उनके साथ धोखाधड़ी हुई है।