गीता भवन चौक स्थित जीवीएम स्कूल में बनाए गए परीक्षा केंद्र से पेपर देकर बाहर निकलते विद्यार्थी।
- फोटो : Sonipat
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की परीक्षाओं में नकल का सिलसिला लगातार जारी है। सोमवार को 12वीं कक्षा के अंग्रेजी विषय के पेपर में उड़नदस्तों की टीमों ने 18 विद्यार्थियों को नकल करते हुए पकड़ा। टीमों ने नकल करते पकड़े गए विद्यार्थियों की यूएमसी बनाए।
बोर्ड अधिकारियों ने कहा कि परीक्षाओं को नकल रहित संचालित करवाया जा रहा है। नकल करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है। उनका कहना है कि नकल करते पकड़े जाने वाले विद्यार्थियों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने विद्यार्थियों को नकल न करने की सलाह दी।
हरियाणा बोर्ड की परीक्षाएं 30 मार्च से शुरू हुई हैं। बोर्ड परीक्षाओं में नकल रोकने के लिए डीसी फ्लाइंग, डीईओ फ्लाइंग, एसडीएम फ्लाइंग, बोर्ड फ्लाइंग गठित की गई हैं। परीक्षा के दौरान फ्लाइंग टीमें परीक्षा केंद्रों पर जाकर नकल करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठा रही हैं। यही कारण है कि पेपर में नकल के मामलों में कमी आ रही है। सोमवार को फ्लाइंग टीमों ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान परीक्षा केंद्रों के अंदर व बाहर सख्ती देखने के लिए मिली। इसके बावजूद कई परीक्षा केंद्रों पर बाहरी हस्तक्षेप देखने के लिए मिला। बाहरी तत्व दीवार पर चढ़कर खिड़कियों के सहारे पर्चियां फेंकते नजर आए। दोपहर 3 बजे पेपर खत्म होने के बाद बाहर निकले विद्यार्थियों के चेहरों पर मिले-जुले भाव नजर आए। किसी ने पेपर को आसान तो किसी ने मुश्किल बताया।
शिक्षा अधिकारियों ने बताया कि जिले में नकल रहित परीक्षा संचालित करवाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। परीक्षा केंद्रों में बाहरी तत्वों का हस्तक्षेप रोकने की जिम्मेदारी पुलिस कर्मचारियों की है। परीक्षा केंद्रों के अंदर कार्यरत पर्यवेक्षकों को भी नकल के मामले रोकने की सख्त हिदायत दी गई हैं। जिले में बोर्ड परीक्षाओं को लेकर 82 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। सभी परीक्षा केंद्रों पर नकल रहित परीक्षा संचालित करवाने के लिए 400 पुलिस कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
बोर्ड परीक्षा को नकल रहित संचालित करवाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। सोमवार को 12वीं कक्षा के अंग्रेजी विषय के पेपर में नकल करते 18 विद्यार्थियों को पकड़ा है। सभी केंद्र अधीक्षकों व पर्यवेक्षकों को नकल रहित परीक्षा संचालित करवाने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। बिजेंद्र नरवाल, जिला शिक्षा अधिकारी, सोनीपत।