अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत। सीएम मनोहर लाल तीन दिन के अंदर ही दो बार सोनीपत में रहेंगे। वह एक नवंबर को केएमपी का उद्घाटन कराने के लिए कुंडली आएंगे तो 3 नवंबर को खरखौदा के खांडा गांव में बंदा बैरागी की मूर्ति का अनावरण करने के साथ ही जनसभा करेंगे। उस जनसभा से खरखौदा क्षेत्र के लोगों को बड़ी उम्मीद है, क्योंकि उसमें सीएम मनोहर लाल विकास कार्यों की सौगात लोगों को देंगे। डीसी विनय सिंह ने सीएम के मूर्ति अनावरण कार्यक्रम व जनसभा को लेकर ही दोनों स्थानों का निरीक्षण किया। इसके साथ ही सभी विभागों के अधिकारियों की मीटिंग लेकर उनको जरूरी दिशा निर्देश दिए।
सीएम मनोहर लाल के 3 नवंबर के खांडा गांव के कार्यक्रम को देखते हुए डीसी विनय सिंह ने शनिवार को गांव का दौरा कर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि सीएम बंदा बैरागी की मूर्ति का अनावरण करेंगे और उसके साथ ही जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके लिए ही डीसी विनय सिंह ने बंदा बैरागी की मूर्ति के स्थापना स्थल सहित गांव में समाधि स्थल का भ्रमण किया। उन्होंने दोनों जगहों पर सीएम के आगमन कार्यक्रम को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इसके बाद वह जनसभा स्थल पर पहुुंचे, जिसका आयोजन गांव के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के मैदान में किया जाएगा। जनसभा स्थल का निरीक्षण करने के बाद विद्यालय परिसर में पुलिस व प्रशासनिक के साथ ही अन्य विभागों के अधिकारियों संग बैठक की। डीसी ने बताया कि सीएम हेलीकाप्टर से कार्यक्रम में आएंगे और इसके लिए हेलीपेड चोलका गांव के स्टेडियम में बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सीएम मनोहर लाल विकास कार्यों की सौगात देंगे, जिनमें प्रमुख तौर पर पीएचसी खांडा, जन स्वास्थ्य विभाग की परियोजनाएं, एचएसआईआईडीसी, राजस्व विभाग व नगर पालिका खरखौदा की विकास परियोजनाएं शामिल हैं। इनका सीएम लोकार्पण करेंगे। वहां नेत्र जांच शिविर व रक्तदान शिविरों का आयोजन भी किया जाएगा। इस दौरान एसडीएम श्वेता सुहाग, सीएमओ डा. जेएस पुनिया, एक्सईएन पंकज गौड़, एसई एसएस लोहान, एसडीओ अश्विनी धनखड़ आदि मौजूद रहे।