मोबाइल पर क्यूआर कोड भेजकर ठगों ने एक व्यक्ति के खाते से 17 हजार 999 रुपये निकाल लिए। ठगी का शिकार हुए व्यक्ति ने मामले की शिकायत गन्नौर थाना पुलिस को दी है।
शास्त्री नगर निवासी संदीप कुमार ने पुलिस को बताया कि 13 जून को उसके मोबाइल पर कॉल आई। फोन करने वाले व्यक्ति ने उसके व्हाट्सएप पर एक क्यूआर कोड भेजकर कहा कि वह उसके खाते में पहले 5 रुपये भेजेगा। यदि खाते में 5 रुपये आए तो उसके बाद वह 15 हजार रुपये भेज देगा। इसके बाद संदीप कुमार ने जैसे ही क्यूआर कोड चेक किया तो उसके खाते से 15 हजार रुपये निकल गए। कुछ समय बाद ही 2999 रुपये निकल गए। इसके बाद जब संदीप ने फोन पर उस व्यक्ति से संपर्क करने का प्रयास किया, तो नंबर बंद मिला। संदीप कुमार का कहना है कि फोन करने वाले व्यक्ति ने उसके खाते से कुल 17 हजार 999 रुपये निकाल लिए। पुलिस ने संदीप कुमार की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।