गोहाना/सोनीपत। गर्मी का मौसम शुरू होते ही नहरों के किनारे युवा जुटना शुरू हो गए हैं। जिससे हादसे होने की संभावना भी बढ़ गई है। हादसों को रोकने के लिए सिंचाई विभाग ने पहल शुरू कर दी है। विभाग के अधिकारियों ने उन स्थानों को चिन्हित किया है जहां पर सबसे अधिक हादसे होते हैं। उन स्थानों पर विभाग की तरफ से चेतावनी बोर्ड लगवाए जा रहे हैं। बोर्ड पर आवश्यक दिशा-निर्देश लिखकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है। साथ ही पंचायत सदस्यों को भी गांवों में लोगों को जागरूक करने के लिए कहा गया है। वहीं डीसी डॉ. शालीन पहले ही नहरों में नहाने पर पाबंदी लगा चुके हैं।
गोहाना क्षेत्र में हांसी बुटाना ब्रांच नहर, जेएलएन के अलावा क्षेत्र से गुजर रही अन्य नहरों में लगातार युवक नहाते हुए हादसों का शिकार हो जाते हैं। नहर में डूबने से होने वाली मौतों को रोकने के लिए नहर विभाग ने प्रयास शुरू किए हैं। नहर विभाग नहरों के पास चेतावनी बोर्ड लगा रहा है। विभाग के अधिकारियों का मानना है कि गर्मी में युवा नहरों पर नहाने पहुंचते हैं। दूर-दूर से युवा नहरों के किनारे एकत्रित होते हैं और घंटों नहाते रहते हैं। उन्हें रोकने के लिए कोई ठोस पहल नहीं हो रही है। नहरों पर हादसे रोकने के लिए नहरी विभाग ने उन स्थानों को चिन्हित किया है जहां सबसे अधिक हादसे होते हैं। विभाग ने इन हादसों को रोकने के लिए चेतावनी बोर्ड लगवाए हैं।
50 हजार खर्च करा लगाए गए 15 बोर्ड
गोहाना क्षेत्र से गुजरने वाली नहरों व माइनरों पर जहां सबसे अधिक बच्चे नहाते हैं वहां पर सिंचाई विभाग ने बोर्ड लगाए हैं। क्षेत्र में ऐसे 15 स्थानों को चिन्हित किया गया है। बोर्ड लगवाने पर विभाग ने ने 50 हजार रुपये खर्च किए हैं। विभागीय अधिकारियों का मानना है कि बोर्ड लगाने से युवाओं में जागरूकता आएगी और हादसे रोकने में मदद मिलेगी।
बोर्ड पर लिखी यह चेतावनी
विभागीय अधिकारियों द्वारा नहर के किनारे पर लगाए गए बोर्ड पर लिखा है कि जनसाधरण को सूचित किया जाता है कि यह नहर 12 फुट गहरी है। पानी का बहाव तेज है। इस में नहाना व तैरना सख्त मना है। विगत वर्षों में कई दुर्भाग्यपूर्ण घटनाएं घट चुकी हैं। इन आदेशों की अवहेलना करने वाले पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जेएलएन नहर में डूब गए थे दो युवक
5 अप्रैल को जींद मार्ग स्थित श्रीबालाजी स्पोर्ट्स अकादमी में तीन दिवसीय बॉक्सिंग की स्टेट लेवल की प्रतियोगिता चल रही है। इसमें स्वर्ण पदक जीत कर लौट रहे खिलाड़ी निखिल की डूबने से मौत हो गई थी। वहीं अप्रैल में ही गांव कटवाल का युवक राजेश भी नहर के तेज बहाव में बह गया था और उसकी मौत हो गई थी।
पंचायतों का भी लिया जाएगा सहारा
नहरी विभाग ने हादसे रोकने के लिए पंचायतों का भी सहारा लेने की तैयारी कर दी है। इसके लिए सरंपचों व पंचायत सदस्यों को निर्देश दिया है कि वह लोगों के बीच जाकर उन्हें नहरों में नहाने से होने वाले हादसों के बारे में जानकारी दें। साथ ही उन्हें नहरों में नहीं नहाने के लिए जागरूक करें।
नहरों में नहाने पर पाबंदी हैं, लेकिन उसके बाद भी कई युवक बाज नहीं आते हैं। क्षेत्र से गुजर रही नहरों पर डेथ प्वाइंट चिन्हित कर उनपर चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं। जिससे युवा जागरूक होंगे और हादसों में कमी आएगी। पंचायत को भी युवाओं को जागरूक करने के लिए अभियान चलाने के लिए कहा गया है। क्षेत्र में 15 बोर्ड लगाए गए हैं। जिन पर 50 हजार रुपये की राशि खर्च की गई हैं।
नवतेज सिंह, एक्सईएन सिंचाई विभाग गोहाना।