अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत। फसल की पैदावार बढ़ाने के लिए प्रयोग किए जाने वाले खाद व कीटनाशक के 11 सैंपल कृषि विभाग की जांच में फेल मिले। विभाग की गुणवत्ता नियंत्रक टीम ने जून व जुलाई माह में दुकानों पर जाकर कीटनाशक व खाद के सैंपल लेकर लैब में जांच कराई। विभाग ने खाद व कीटनाशक विक्रेताओं को नोटिस जारी कर कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी गई है।
किसान हर साल फसलों की पैदावार बढ़ाने के साथ ही कीटों से बचाने के लिए खाद व कीटनाशक का प्रयोग करते हैं। यह खाद व कीटनाशक किसानों को दुकानों से मुहैय्या कराए जाते हैं तो वहीं कृषि विभाग भी बेहतर किस्म का खाद व कीटनाशक देने का दावा करता है। दुकानों पर बेचे जाने वाले खाद व कीटनाशक के कृषि विभाग की गुणवत्ता नियंत्रक टीम ने जून से अगस्त माह में अभियान चलाकर सोनीपत, गोहाना, खरखौदा सहित अन्य स्थानों से सैंपल लेकर जांच कराई। जिसमें 5 कीटनाशक व 6 खाद के सैंपल फेल मिले हैं। जिसके बाद इन सभी को नोटिस जारी किया गया है।
वर्जन-
कृषि विभाग ने खाद व कीटनाशक के सैंपल लिए थे, जिनकी लैब में जांच कराई गई तो 11 सैंपल फेल निकले। खाद व कीटनाशक विक्रेताओं को नोटिस जारी कर दिए गए है। विक्रेता नियमानुसार रि-सैंपलिंग की अपील कर सकते हैं। विभाग की ओर से जल्द इन पर कार्रवाई की जाएगी। -डॉ. अनिल सहरावत, कृषि उपनिदेशक, सोनीपत।