सोनीपत। गांव जाखौली में प्रदीप के प्लाट में बंधी 16 बकरियां वीरवार देर रात चोरी हो गईं। राई थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। क्षेत्र में इससे पूर्व भी बकरी चोरी की कई वारदात सामने आ गई हैं। अब इसकी जांच सीआईए को सौंपी गई है।
जखौली निवासी प्रदीप ने राई थाना पुलिस को बताया है कि प्रतिदिन की भांति वीरवार को भी उसने अपनी बकरियों को प्लाॅट में छोड़ा व गेट पर ताला लगा दिया। अगले दिन सुबह देखा गया तो गेट का ताला टूटा था और सारी बकरियां गायब थीं। बकरियों की कीमत करीब डेढ़ लाख रुपयों से ज्यादा है।
पहले भी चोरी हुई थी बकरियां, जांच में मिला था चोरों का सीसीटीवी फुटेज
जीटी रोड बेल्ट के विभिन्न गांवों में चोर बकरी पालकों को निशाना बना रहे हैं। जखौली में ही कुछ दिनों पहले गोविंदा नाम के युवक की बकरियां चोरी हुई थी। इससे पूर्व मुरथल थाना क्षेत्र के जैनपुर गांव में दो लोगों के यहां से अलग-अलग दिनों में छह से सात लाख रुपये मूल्य की अच्छी नस्ल की बकरियों की चोरी हो गई थी। दोनों मामलों में 13 मार्च को एफआईआर दर्ज कराई गई है। पीड़ित और ग्रामीणों ने अपने स्तर पर चोरों का सुराग लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज चेक किए तो पाया कि कुछ युवक बिना नंबर के एक छोटे टेंपों में बकरियों को लादकर ले जा रहे हैं। पीड़ित परिवारों ने जीटी रोड तक की सीसीटीवी फुटेज पुलिस को सौंपे हैं। पीड़ित परिवार के सदस्य सुरेश ने बताया कि मुरथल थाना पुलिस ने उन्हें सूचित किया है कि बकरियों की चोरी के अलग-अलग थानों में कई मामले आ चुके हैं। इसलिए इसकी जांच सीआईए को सौंपी गई है।