गोहाना (सोनीपत)। सीएम मनोहर लाल ने कहा कि कांग्रेसी नेताओं ने प्रदेश को जलाने और भाईचारे को खराब करने का काम किया। हुड्डा पर सीबीआई के अलग-अलग पांच केस चल रहे हैं और वह कभी भी जेल जा सकते हैं। इसलिए जेल में बंद व बेल पर आए लोगों से सावधान रहने की जरूरत है। सीएम बुधवार को भाजपा प्रत्याशी रमेश कौशिक के पक्ष में जनसभा को संबोधित करने के लिए गोहाना में पहुंचे थे।
सीएम मनोहर लाल ने बुुधवार को गोहाना में सांसद रमेश कौशिक के पक्ष में तीन जगहों पर जनसभाओं को संबोधित किया। पानीपत रोड चुंगी के पास संजय सैनी के आवास, आर्यनगर में नगर परिषद की उप चेयरपर्सन राजेश देवी व बरोदा रोड स्थित निगरानी समिति के संयोजक गुलशन विरमानी के कार्यालय पर यह सभाएं की गईं। सीएम मनोहर लाल ने कहा कि पूर्व सरकार के कार्यकाल में किसानों की जमीन सस्ते दामों पर खरीद कर बिल्डरों को बेचने का काम किया जाता था। जमीन की खरीद-फरोख्त की आड़ में भ्रष्टाचार होता था। सीएम ने पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर तंज कसते हुए कहा कि उनकी चौधर तो केवल रिश्तेदारों के इर्द-गिर्द के लोगों की होती है। सीएम ने कहा कि उनकी चौधर की सीट तिहाड़ जेल में खाली है। पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा सोनीपत से दिल्ली होकर चंडीगढ़ जाने की बात करते हैं, लेकिन यह भूगोल उनकी समझ से परे है। पूर्व सीएम ओमप्रकाश चौटाला व उनके बेटे अजय चौटाला के साथ ही हुड्डा पर तंज कसते हुए कहा कि कालकोठरी में बंद और बेल पर आए लोगों से सावधान रहना। उन्होंने भाजपा सरकार में हुए विकास कार्यों के बारे में जनता को बताया और सांसद रमेश कौशिक का साथ देकर उनके हाथ मजबूत करने का आह्वान किया।