राई (सोनीपत)। गांव चौहान जोशी के पास स्थित दावत राइस मिल के इस्राइल भेजे गए चावलों में से 132 बैग कंटेनर से चोरी हो गए। इस्राइल से ईमेल के माध्यम से मिल के अधिकारियों को चावल कम होने की जानकारी सूचना मिली। उसके बाद मिल सुपरवाइजर ने चावल चोरी होने का केस दर्ज कराया है। चोरी का आरोप कंटेनर के चालक पर लगा है।
मॉडल टाउन सोनीपत निवासी वरुण ने बहालगढ़ थाना पुलिस को बताया कि वह दावत राइस मिल में सुपरवाइजर के पद पर हैं। उनके मिल से 26 मार्च को एक कंटेनर में 1030 बैग चावल डीआईटीसी गन्नौर के माध्यम से इस्राइल भेजे गए थे। एक बैग में एक-एक किलो के 20 पैक रखे गए थे। इन चावलों को इस्राइल ले जाया गया था। नगालैंड नंबर के कंटेनर को उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के भवानीपुर का रहने वाला चालक चैनसुख चला रहा था। चैनसुख ने चावलों को पहुंचाने के बाद मिल के अधिकारियों को कोई जानकारी नहीं दी थी। अब 20 मई को इजराइल से मिल प्रबंधन को एक मेल प्राप्त हुई है। मेल में जानकारी दी गई है कि इस्राइल पहुंचे चावलों में 132 बैग कम पाए गए। मिल प्रबंधन की ओर से दी गई शिकायत में चावल चोरी का शक कंटेनर चालक पर जताया है।
कोट
दावत राइस मिल सुपरवाइजर की तरफ से कंटेनर से इस्राइल भेजे गए चावलों में से 132 बैग चोरी होने की शिकायत मिली है। चोरी का आरोप चालक पर लगाया है। मामले में केस दर्ज कर गहनता से जांच की जा रही है।
-ऋषिकांत, थाना प्रभारी, बहालगढ़