जय शाह के घोटाले से ध्यान भटका रहे भाजपाई : जयतीर्थ
अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत। राई से कांग्रेस विधायक जयतीर्थ दहिया ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीयाध्यक्ष अमित शाह के बेटे जय शाह के करोड़ों रुपये के घोटाले से ध्यान भटकाने के लिए स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ताजमहल के बारे में अनर्गल टिप्पणी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा का यह पैंतरा पुराना है कि जब भी उन पर कोई बात उठती है तो वे इसे हिंदू-मुस्लिम से जोड़ने को कोई नया शिगूफा छोड़ देते हैं। उन्होंने कैबिनेट मंत्री कविता जैन के बयान पर अचरज जताया कि कांग्रेस पिछड़ा वर्ग आयोग के गठन मामले में कहां रोड़ा अटका रही है।
विधायक जयतीर्थ दहिया ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज को यह पता ही नहीं रहता है कि वे किस बारे में क्या टिप्पणी कर रहे हैं। अगर अनिल विज के बयान से भाजपा सरकार सहमत है, तो उन्हें बताना चाहिए कि आखिर इसे राष्ट्रीय धरोहर किस हैसियत से बना रखा है। अगर यह केवल कब्रिस्तान भाजपा की नजर में है, तो देश की जनता को बताएं। उन्होंने कैबिनेट मंत्री कविता जैन के बयान पर आपत्ति दर्ज कराते हुए कहा कि मंत्री कविता जैन कह रही हैं कि पिछड़ा आयोग के गठन में कांग्रेस रोड़ा अटका रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ना तो सरकार में है और ना ही कांग्रेस ने इसका विरोध किया है। ऐसे में कांग्रेस का रोड़ा अटकाने का सवाल ही नहीं उठता है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार नहीं चाहती कि पिछड़ों को उनका हक दिया जाए। इसके लिए कांग्रेस के सिर ठीकरा फोड़ा जा रहा है।