पीएम मोदी से नहीं मिला समय, हरियाणा दिवस पर केएमपी की सौगात नहीं दे सकेगी सरकार
अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत। केएमपी का एक नवंबर को हरियाणा दिवस पर उद्घाटन होने पर सफर करने का सपना संजोए लोगों को अभी कुछ इंतजार करना होगा। क्योंकि पीएम नरेंद्र मोदी से हरियाणा सरकार को समय ही नहीं मिल सका और इसलिए ही केएमपी के उद्घाटन को टालना पड़ गया। पीएम मोदी को वीडियो कांफ्रेंसिंग के सहारे इसका उद्घाटन करना था, लेकिन अब हरियाणा दिवस पर उद्घाटन नहीं होगा। पीएम नरेंद्र मोदी से जल्द ही समय लेकर केएमपी का उद्घाटन कराने की तैयारी है, लेकिन इस बार की तरह समय मिले बिना तारीख की घोषणा नहीं की जाएगी।
केएमपी का पत्थर 2003 में हरियाणा के तत्कालीन सीएम ओपी चौटाला ने लगाया था, लेकिन इसका काम 2006 शुरू किया गया। उस समय काम पूरा करने का समय चार साल तय किया गया था, लेकिन इसे बीच में रोक दिया गया था। इसका दोबारा से 2015 में पीएम नरेंद्र मोदी ने केजीपी के साथ शिलान्यास किया था और इसका काम शुरू हो सका था। यह 135.6 किमी लंबा एक्सप्रेस वे है, जिसमें 8 बड़े फ्लाईओवर, 75 छोटे पुल, चार रेलवे ओवरब्रिज बनाए गए है। इस हाईवे के निर्माण के लिए 1863 करोड़ रुपये की लागत आई है। यह एक्सप्रेस वे सोनीपत में कुंडली से शुरू होकर दिल्ली के चक्कर लगाते हुए खरखौदा, बहादुरगढ़, मानेसर, सोहना से होते हुए पलवल में खत्म होता है। केएमपी का निर्माण कार्य पूरा होने के कारण इसे आम लोगों के लिए खोलने की तैयारी कर दी गई थी और सीएम मनोहर लाल खट्टर ने पांच दिन पहले खुद केएमपी का निरीक्षण किया था। उसी दिन साफ कर दिया गया था कि एक नवंबर को हरियाणा दिवस पर केएमपी का उद्घाटन कराया जाएगा। इसका उद्घाटन पीएम नरेंद्र मोदी के अपने कार्यालय से वीडियो कांफ्रेंसिंग से करने की बात कही गई थी और इसका उद्घाटन कार्यक्रम कुंडली में टोल प्लाजा पर होना था। लेकिन सरकार को पीएम नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम का समय ही नहीं मिल सका और इस कारण हरियाणा दिवस पर प्रदेश की जनता को केएमपी की सौगात देने की सरकार की मंशा अधूरी रह गई।
हरियाणा दिवस पर केएमपी का उद्घाटन नहीं हो सकेगा, क्योंकि पीएम नरेंद्र मोदी का कोई कार्यक्रम अभी तक नहीं आया है। अगर उद्घाटन होना होता तो उनका कार्यक्रम आ जाता। पीएम नरेंद्र मोदी जापान गए हुए थे और उसके बाद भी उनके कई कार्यक्रम बताए जा रहे है। इस कारण ही एक नवंबर को केएमपी का उद्घाटन नहीं हो पाने की बात कही जा रही है। यह जरूर है कि केएमपी का जल्द ही उद्घाटन सरकार की ओर से कराया जाएगा। विनय सिंह, डीसी
हरियाणा दिवस पर केएमपी का उद्घाटन नहीं होगा। लेकिन यह जरूर है कि जल्द ही केएमपी जनता को समर्पित कर दिया जाएगा। इसका उद्घाटन भी पीएम नरेंद्र मोदी से कराया जाएगा और इसके लिए समय लिया जा रहा है। राजीव जैन, सीएम मीडिया सलाहकार