सोनीपत। सोनीपत सीआईए-1 और आबकारी विभाग की टीम ने ट्रक में चावल के कट्टों के नीचे छिपाकर अवैध रूप से पंजाब से बिहार की तरफ लेकर जा रहे 1090 पेटी शराब के साथ चालक खेवड़ा के दीपक को मुरथल से पकड़ा है। आरोपी के खिलाप थाना मुरथल में आबकारी अधिनियम व धोखाधड़ी की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। शराब की कीमत 40 लाख रुपये बताई जा रही है।
सीआईए-1 प्रभारी बीर सिंह ने बताया कि एएसआई विजयेश्वर अपनी टीम के साथ गोहाना रोड बाईपास पर गश्त कर रहे थे। उनको सूचना मिली कि पंजाब से वाया पानीपत होते हुए एक ट्रक दिल्ली की तरफ जाएगा। उसमें शराब भरी हुई है। इस पर पुलिस टीम ने भिगान टोल के पास दिल्ली की तरफ नाकाबंदी कर दी। मामले की जानकारी आबकारी विभाग को दी गई।
इस दौरान पानीपत की तरफ से आए ट्रक को रोककर चालक गांव खेवड़ा निवासी दीपक उर्फ दीपू से पूछताछ की गई तो उसने कहा कि ट्रक में चावल लदा है। वह चावल को मध्य प्रदेश के सतना लेकर जा रहा है। उसने चावल की बिल्टी दिखाई जिसमें 23,450 किलोग्राम चावल के 938 बैग दर्शाए गए थे।
पुलिस को संदेह होने पर ट्रक की जांच की तो पीछे की ओर चावल के कट्टे मिले जबकि आगे की ओर शराब की पेटियां रखी हुई थीं। चालक से शराब से संबंधित लाइसेंस, बिल और बिल्टी मांगी गई तो वह नहीं दे सका। आबकारी निरीक्षक की मौजूदगी में शराब की पेटियों की जांच की गई तो उसमें से रॉयल स्टैग और इम्पीरियल ब्लू ब्रांड की 1090 पेटी अंग्रेजी शराब निकली। शराब करीब 40 लाख रुपये की बताई गई है।
सिसाना के नान्हा का है ट्रक
पूछताछ में चालक ने बताया कि ट्रक गांव सिसाना निवासी नान्हा का है। उन्हें कहा गया था कि अगर कोई पूछे तो केवल चावल होने की बात बताना। इस संबंध में थाना मुरथल में आबकारी अधिनियम व धोखाधड़ी की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
बिहार लेकर जा रहा था शराब
पुलिस जांच में पता लगा है कि शराब को बिहार लेकर जाना था। शराब पर सेल फॉर पंजाब लिखा था। शराबबंदी वाले बिहार में इसकी कीमत कई गुना मिलने के कारण तस्कर इसे वहां सप्लाई करने वाले थे। इसी लालच में चावल की आड़ लेकर शराब की तस्करी का यह तरीका अपनाया गया।
पंजाब के साहिबजादा अजीत सिंह नगर से लोड हुई थी शराब
आबकारी विभाग के इंस्पेक्टर ललित कुमार ने बताया कि पंजाब के मोहाली स्थित साहिबजादा अजीत सिंह नगर से ट्रक में शराब लोड की गई थी।
फोटो :16: सोनीपत के मुरथल में शराब उतारते श्रमिक। संवाद