कालांवाली। शहर के गुरुद्वारा बस्ती में सोमवार दोपहर को एक बदमाश घर में घुसकर महिला को अकेली देखकर उसे चाकू दिखाकर सोने के गहने लेकर फरार हो गया। घटना के बाद आसपास के लोगों ने पुलिस को इस बारे में जानकारी दी। जिसके बाद थाना प्रभारी राजा राम, पुरानी मंडी पुलिस चौकी इंचार्ज सुमित कुमार और सीआईए कालांवाली की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। वहीं पुलिस ने कुछ सीसीटीवी फुटेज देखी, लेकिन उसमें आरोपी की तस्वीर साफ नहीं आई।
पीड़ित महिला सिंद्र रानी निवासी गुरुद्वारा बस्ती मंडी कालांवाली ने बताया कि उसके पति का लगभग 7 वर्ष पूर्व देहांत हो चुका है। घर में दोनों मां-बेटा रहते हैं। दोपहर करीब पौने 1 बजे वह घर पर अकेली थी। इस दौरान उसके घर में एक युवक घुस आया और उसकी गर्दन पर चाकू रखा दिया। जिस पर उसने घबराकर डर के मारे अपने कानों की दोनों सोने की बालियां व अपने हाथों में पहनी हुई 2 सोने की अंगूठियां और पर्स में रखे करीब 600 रुपये निकालकर युवक को दे दिए। इसके बाद आरोपी युवक फरार हो गया। पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।