सिरसा। बाजेकां क्षेत्र में बिजली पोल बदलने के काम में जुटे अनुबंध आधार पर कार्यरत बिजली कर्मी की करंट लगने से मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने बिजली निगम अधिकारियों की लापरवाही होने के आरोप लगाए है और मामले की सूचना पुलिस को दी है।
जानकारी के अनुसार गांव कोटली निवासी छिंद्रपाल बिजली निगम में अनुबंध आधार पर कार्यरत था। उसकी ड्यूटी जेई नवनीत के क्षेत्र में थी। जेई नवनीत के निर्देश पर छिंद्रपाल बाजेकां क्षेत्र में पोल बदलने चला गया। वह काम कर रहा था कि अचानक तार में करंट आ गया। जिससे उसे जोरदार झटका लगा और उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर बिजली निगम के अधिकारी मौके पर पहुंचे। मृतक के मामा का आरोप है कि जेई का काम परमिट लेकर कर्मचारियों को बताना होता है कि अब काम शुरू कर दो। ऐसे में साफ है कि जेई ने परमिट नहीं लिया और सीधे ही छिंद्रपाल को निर्देश दे दिए कि पोल बदल दो। छिंद्रपाल ने सोचा होगा की जेई ने परमिट लिया हुआ है। वह जैसे ही पोल बदलने के काम में जुटा उसे जोरदार झटका लगा। वहीं मृतक के परिजनों ने लाइनमैन, जेई और अन्य अधिकारियों द्वारा लापरवाही करने के आरोप लगाए हैं।