सिरसा। पेयजल समस्या को लेकर वार्ड 25 के लोगों ने जन स्वास्थ्य विभाग के कार्यालय का घेराव किया। इस दौरान महिलाओं ने तालाबंदी कर अधिकारियों को कार्यालय में बंद कर दिया। करीब आधे घंटे तक नारेबाजी और धरना-प्रदर्शन कर विभागीय कार्यप्रणाली पर रोष जताया। इसके बाद एसडीओ ने तुरंत प्रभाव से वार्ड वासियों की समस्या के समाधान का आश्वासन दिया और पानी सप्लाई चालू करवाई।
पानी की समस्या से परेशान वीरवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे शहर के वार्ड 25 की महिलाएं व निवर्तमान पार्षद विकास गुज्जर जनस्वास्थ्य विभाग में पहुंच गए। वार्डवासियों ने विभाग के खिलाफ रोष प्रदर्शन किया, जब कोई समस्या सुनने के लिए नहीं आया तो महिलाओं ने विभाग के मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया। प्रदर्शनकारियों में शामिल वार्डवासी दर्शना, कलावती, माया, गुड्डी, सुमन ने बताया कि वार्ड 25 स्थित चंडीगढ़िया मोहल्ला में पिछले 15 दिन से पीने की सप्लाई नहीं आ रही है। घरों में पानी की एक भी बूंद नहीं है। इसके कारण रोजमर्रा के काम करने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
महिलाओं ने जेई पर लगाए आरोप
महिलाओं ने बताया कि इस समस्या को लेकर बहुत बार जेई को फोन कर चुके है, लेकिन जेई ने एक बार भी फोन का जवाब नहीं दिया। वहीं बहुत बार समस्या को लेकर व्हाट्सएप पर भी लिख चुके हैं, लेकिन जेई का कोई जवाब नहीं। समस्या दूर करना तो दूर की बात समस्या सुनते तक नहीं। महिलाओं ने बताया कि आज प्रदर्शन के दौरान भी जेई ने लोगों की समस्या नहीं सुनी और मौके से चले गए।
वार्ड में 4 ट्यूबवेल लगे, सभी खराब
वार्ड की महिला दर्शना, कलावती, माया ने बताया कि जनस्वास्थ्य विभाग द्वारा 4 ट्यूबवेल लगाए गए हैं, लेकिन एक भी ट्यूबवेल ढंग से नहीं चलता है। एक ठीक करवाओ, तो दूसरा खराब हो जाता है। जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को बहुत बार शिकायत दे चुके है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं रहा है।
एसडीओ के आश्वासन पर खोला ताला
प्रदर्शन कर रहे वार्डवासियों को एसडीओ राय सिंह सिद्धू ने मौके पर पहुंच आश्वस्त किया। एसडीओ ने कहा कि वे मौके पर जाकर वार्ड का मौका मुआयना करेंगे। वहीं वार्डवासियों को कुछ ही समय बाद पानी पहुंचा दिया जाएगा। एसडीओ ने महिलाओं से तीन से चार दिन का समय मांगा। उन्होंने कहा है कि वार्ड में समस्या का समाधान जल्द ही कर दिया जाएगा। आगे भी किसी प्रकार की समस्या नहीं आने दी जाएगी ।
वार्ड में पिछले 15 दिनों से पानी नहीं आ रहा है। बहुत बार जेई को शिकायत की है, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ है। जेई कभी फोन भी नहीं उठाता है। इसके चलते वीरवार को वार्डवासियों ने विभाग का घेराव किया। एसडीओ ने आश्वस्त किया है। - विकास गुज्जर, निवर्तमान पार्षद, वार्ड 25
प्रदर्शन के दौरान मैंने वार्डवासियों को पानी की सप्लाई देने का आश्वासन दिया था। दोपहर में जाकर वार्ड में जाकर निरीक्षण किया है लोग संतुष्ट नजर आए। आगे भी समस्या नहीं आने दी जाएगी। - राय सिंह सिद्धू, एसडीओ, जनस्वास्थ्य विभाग, डिवीजन नंबर 2 सिरसा।