शिविर में प्रशिक्षण प्राप्त करती महिलाएं।
ओढां। पंजाब नेशनल बैंक के तत्वावधान में ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान की ओर से गांव पन्नीवाला मोटा में आयोजित मासिक सिलाई प्रशिक्षण शिविर में महिलाओं की काफी रुचि देखी जा रही है। शिविर में गांव की 70 महिलाएं सिलाई का प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए नियमित रूप से आ रही हैं। यह शिविर 28 मई से शुरू हुआ था जोकि 31 जून तक चलेगा।
शिविर में भाग लेने वाली महिलाओं की बकायदा बायोमेट्रिक हाजिरी लगती है। इस प्रशिक्षण शिविर की अवधि समाप्त होने के बाद महिलाओं को सर्टिफिकेट भी दिए जाएंगे, जोकि उन्हें बाद में स्वरोजगार चलाने में सहायक सिद्ध होंगे। ट्रेनर सोनिया ने बताया कि गांव की काफी महिलाएं इस शिविर में उत्साह के साथ भाग ले रही हैं, जिन्हें दो बैच में प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
इस प्रशिक्षण में सिलाई, डिजाइनिंग व मशीन के बारे में पूर्ण जानकारी शामिल है। उन्होंने बताया कि इस शिविर का उद्देश्य महिलाओं को स्वरोजगार देकर आत्मनिर्भर बनाना है। यह शिविर बिल्कुल निशुल्क है। शिविर पूर्ण होने के बाद सभी महिलाओं की परीक्षा होगी, जिसके बाद उन्हें सर्टिफिकेट प्रदान किए जाएंगे।
ये महिलाएं बाद में बैंक से ऋण लेकर अपना स्वयं का रोजगार चला सकती हैं। इसके साथ-साथ 6 दिवसीय अलग शिविर भी चलाया जा रहा है इसमें 15 युवा भाग ले रहे हैं। इस शिविर में युवाओं को रोजगार से संबंधित काफी ज्ञानवर्धक जानकारियां मुहैया करवाई जा रही हैं। शिविर से जानकारी प्राप्त कर युवा स्वरोजगार शुरू कर सकते हैं।
गांव में चल रहा ये शिविर महिलाओं के लिए काफी कारगर साबित होगा। शिविर से प्रशिक्षण प्राप्त कर महिलाएं अपना स्वयं का रोजगार चलाकर आत्मनिर्भर बनेंगी। मुझे बड़ा हर्ष हो रहा है कि हमारे गांव की 70 महिलाएं शिविर का लाभ उठा रही हैं।
- मंजूबाला बेनीवाल, ग्राम सरपंच।