गांव कालांवाली में महिला को भाखड़ा में फेंककर हत्या करने के मामले में शव मंगलवार को अबूब शहर से बरामद हुआ है। एक महिला ने दो लोगों के साथ मिलकर वारदात की है। मृतका को चाय में नशीला पदार्थ पिलाकर बेहोश करने के बाद भाखड़ा नहर में फेंका गया था।
महिला का शव 13 दिन बाद मिला है। पुलिस ने मृतका के पति सहित चार लोगों के खिलाफ हत्या कर शव को खुर्दबुर्द करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया था। सिंघपुरा चौकी प्रभारी खेताराम ने बताया कि दादू निवासी 35 वर्षीय महिला गुरप्रीत कौर पत्नी गुरजीत सिंह 16 अप्रैल को कालांवाली में सुखपाल कौर नामक महिला के पास आई थी, जिसके बाद से वह रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता हो गई।
महिला के भाई कुलदीप सिंह निवासी बुर्ज मानसा ने पुलिस में शिकायत में सुखपाल कौर पर उसकी बहन को अगवा करने का शक जाहिर किया था। पुलिस ने सुखपाल कौर के घर पर छापामारी की तो वह नदारद पाई गई, जिससे शक और गहरा हो गया और सुखपाल कौर को काबू कर लेने के बाद जब पुलिस ने पूछताछ की तो उसने सच्चाई उगल दी।
महिला ने बताया कि उसके पति गुरजीत सिंह का उसके यहां आना था, जिसमें गुरप्रीत बाधा बन रही थी। 16 अप्रैल को गुरप्रीत कौर उसके पास दी हुई सोने की अंगुठी वापस लेने आई थी, जहां सुखपाल कौर ने अपनी दोस्त जसपाल कौर और मक्खन सिंह नामक व्यक्ति के साथ मिलकर पहले उसे चाय में नशीली दवा दे दी और उसके बाद रात्रि के समय उसे मोटरसाइकिल पर लादकर देसू मलकाना के समीप भाखड़ा नहर में फेंक दिया।
थाना प्रभारी निरीक्षक सुभाष चंद्र ने बताया कि इस संबंध में कालांवाली निवासी मक्खन सिंह, जसपाल कौर, सुखपाल कौर व मृतका के पति गुरजीत सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर दोनों महिलाओं को गिरफ्तार कर अदालत में पेश कर दिया गया है। यहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है और बाकी की तलाश जारी है।