कोर्ट में एकत्र हुए बार एसोसिएशन के वकील।
- फोटो : Sirsa
सिरसा। सत्र न्यायालय में महिला एएसआई द्वारा वकील का कॉलर पकड़ने का आरोप लगा वकीलों ने कोर्ट में नो वर्क डे कर दिया। इस दौरान पुलिस कर्मचारियों और वकीलों में जमकर बहस हुई। देर शाम तक बार एसोसिएशन की बैठक चलती रही। हालांकि समाचार लिखे जाने तक सिविल थाना पुलिस के पास मामले की शिकायत नहीं पहुंची।
सोमवार को महिला एएसआई पर वकील का कॉलर पकड़ने और अभद्र शब्दों का इस्तेमाल करने के आरोप लगाने के बाद वकीलों ने भी हंगामा शुरू कर दिया और मामले बार एसोसिएशन के समक्ष रखा। इस पर बार एसोसिएशन ने दोपहर बाद न्यायिक कार्रवाई का बहिष्कार कर दिया और काम बंद कर दिया। इसी दौरान सिरसा बार एसोसिएशन का समर्थन करते हुए ऐलनाबाद बार एसोसिएशन ने भी न्यायिक कार्रवाई का बहिष्कार कर दिया और महिला एएसआई को सस्पेंड करके उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज किए जाने की मांग पर अड़ गए।
यह था पूरा मामला
सिरसा बार एसोसिएशन के सदस्य एडवोकेट ठाकुर जांगड़ा सोमवार सुबह सत्र न्यायालय में प्रोटेक्शन से संबंधित मामले में पैरवी कर रहे थे। इसी दौरान महिला एएसआई ने बयान दर्ज करवाने की बात कही। देखते ही देखते दोनों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि एएसआई ने वकील की कॉलर पकड़ ली। इसी बात को लेकर वकीलों ने हंगामा शुरू कर दिया। जैसे-जैसे बार सदस्यों को यह बात पता चलती गई वे सेशन कोर्ट पहुंचने शुरू हो गए। काफी संख्या में महिला अधिवक्ता भी वहां पहुंच गई।
मामले की सूचना मिलने के बाद मौके पर पुलिस बल तैनात कर दिया। अभी तक किसी भी तरफ से मामले की शिकायत नहीं आई है। मामले की शिकायत आने के बाद ही आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
- रामनिवास, थाना प्रभारी, सिविल लाइन सिरसा।