जिले में कोरोना संक्रमण के आंकड़े बढ़ते ही जा रहे हैं, वहीं संपर्क में आने से संक्रमित हो रहे लोगों की संख्या भी बढ़ रही है। शनिवार को आई रिपोर्ट में तीन लोग संक्रमित पाए गए, जिनमें एक युवती जेजे कॉलोनी के कोरोना संक्रमित युवक के संपर्क में आई थी, जो संक्रमित पाई गई है। जिले के गांव जगमालवाली में भी एक महिला और पीरखेड़ा में युवक संक्रमित पाए गए हैं। वहीं स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सकों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। जिले में एक्टिव संक्रमितों की संख्या अब 21 हो गई है तो वहीं 410 लोगों की रिपोर्ट आनी अभी बाकी है। जिले में अभी 97 लोग संक्रमित हो चुके हैं और अभी तक 76 लोग ठीक होकर घर लौट चुके हैं।
बता दें कि शनिवार को आई रिपोर्ट में जिले के तीन लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। कोरोना संक्रमित पाए गए युवकों में जिले के गांव पीरखेड़ा का रहने वाला युवक जिसे खांसी, बुखार की शिकायत थी। विभाग ने युवक की सूचना पाकर जांच के लिए सैंपल भेज दिया। शनिवार को आई रिपोर्ट के अनुसार युुवक कोरोना संक्रमित पाया गया है। वहीं संक्रमित मिली लगभग 28 वर्षीय महिला कुछ दिन पूर्व ही अपने भाई की शादी समारोह में शिरकत कर दिल्ली से आई थी। महिला अपने 8 वर्षीय बेटे के साथ 14 जून को अपने भाई की शादी में गाड़ी किराये पर करवाकर दिल्ली स्थित मायके गई थी। महिला 17 जून को अपने बेटे के साथ गांव में पहुंची थी और 24 जून को महिला और उसके बेटे का कोरोना जांच के सैंपल लिए गए थे, जिसके बाद महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद विभाग की टीम उनके घर पर पहुंची और महिला सहित परिवार के सदस्यों को सैंपल के लिए सिरसा के अस्पताल में भेजना चाहा, लेकिन महिला के परिवारजनों ने महिला के साथ जाने से इनकार कर दिया। परिवारजनों का कहना है कि कोरोना संक्रमण के चलते दिल्ली जाने से इनकार किया था। लेकिन महिला ने उनकी बात को नजरअंदाज कर दिल्ली अपने भाई की शादी में शिरकत की। एसएमओ डॉ. भूषण गर्ग के अनुसार संक्रमित पाई गई महिला को सिरसा के सिविल अस्पताल में आइसोलेट कर दिया गया है और गांव जगमालवाली की राजकीय हाई स्कूल वाली पूरी गली को दोनों तरफ से सील कर दिया गया है। वहीं उन्होंने महिला के परिवारजनों के रविवार को सैंपल देेने की बात कहीं। वहीं तीसरे मामले में जेजे कॉलोनी में रहने वाला युवक यूपी से कुछ दिनों पूर्व लौटकर सिरसा आया था। युवक के आने पर स्वास्थ्य विभाग ने जब जांच की तो युवक को संक्रमित पाया गया था। जिसके बाद बीते तीन दिन पहले जो युवक संक्रमित पाया गया था, वह जेजे कॉलोनी के संपर्क संक्रमित युवक से मिले थे। जिस पर वह संक्रमित हुआ। वहीं शनिवार को संपर्क में आई युवती भी कोरोना संक्रमित पाई गई है। जेजे कॉलोनी में यह दूसरा संक्रमित है, जो संपर्क में आने से हुआ है। कॉलोनी में कुल तीन केस हो गए।
अस्पताल के चिकित्सकों की रिपोर्ट आई निगेटिव
सिविल अस्पताल में एक चिकित्सक के संक्रमित होने पर स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया था। विभाग ने सिविल अस्पताल के सभी चिकित्सकों का सैंपल जांच के लिए भेजा था। जिनकी शनिवार को रिपोर्ट आ गई। रिपोर्ट अनुसार सभी चिकित्सकों थकी रिपोर्ट निगेटिव पाई गई है। इस दौरान सिविल अस्पताल के सीएमओ डॉ. सुरेंद्र नैन ने भी अपनी जांच करवाई थी, जिसमें वह भी निगेटिव पाए गए हैं।
कोरोना पॉजिटिव प्रभावित क्षेत्र को बनाया कंटेनमेंट जोन
उपायुक्त रमेश चंद्र बिढ़ान ने बताया कि सिरसा के वार्ड नंबर 15 में कोरोना पॉजिटिव केस मिलने पर जिला प्रशासन द्वारा प्रभावित क्षेत्र को कंटेनमेंट व बफर जोन बनाया गया हैं। इसके लिए एसडीएम सिरसा कंटनमेंट व बफर जोन के ओवर ऑल इंचार्ज रहेंगे, जो कोविड-19 के फैलाव को रोकने आदि के सभी प्रबंधों और व्यवस्थाओं की देखरेख करेंगे।
श्री वर्धमान जैन धर्मशाला में कंट्रोल रूम स्थापित
उपायुक्त बिढ़ान ने बताया कि कोरोना संक्रमण के फैलाव को रोकने के मद्देनजर सिरसा के भादरा बाजार वार्ड नंबर 15 में विजय के घर से दलीप शर्मा के घर तक व रत्नपाल के गोदाम से विक्की के घर तक के क्षेत्र को कंटेनमेंट जोन व इसके आसपास के क्षेत्र को बफर जोन घोषित किया गया है। कंटेनमेंट जोन और बफर जोन में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पीजीटी राकेश कुमार व पीटीजी सत्यदेव को ड्यूटी मजिस्ट्रेट के रूप में नियुक्त किया गया है। कंटेनमेंट व बफर जोन के लिए गली एसएस जैन स्कूल वाली स्थित श्री वर्धमान जैन धर्मशाला में 01666220815 कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। कंट्रोल रूम के इंचार्ज लेक्चरर नवदीप कुमारहोंगे। इसके अलावा नागरिक अस्पताल से डॉ. निधी व डब्ल्यूसीडीपीओ सिरसा सहायक के तौर पर कार्य करेंगी।
कोट
जिले में तीन लोग संक्रमित पाए गए हैं। वहीं स्वास्थ्य विभाग के सभी चिकित्सकों की रिपोर्ट भी निगेटिव आई है। जिले में अधिकतर लोग बाहर से आने वाले या संपर्क में आने वाले लोग ही संक्रमण का शिकार हो रहे हैं।
-डॉ. सुरेंद्र नैन, सिविल सर्जन, स्वास्थ्य विभाग सिरसा।