चौपटा (सिरसा)। गांव चाहरवाला में ग्रामीणों की मुस्तैदी के चलते पशु तस्करों से तीन ऊंट मुक्त कराए गए। पशु तस्करों ने ग्रामीणों पर पथराव भी किया, लेकिन अन्य ग्रामीणों के मौके पर पहुंचने पर आरोपी फरार हो गए। ग्रामीणों ने इसकी सूचना कागदाना पुलिस चौकी में दी। पुलिस ने 4 अज्ञात तस्करों के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शनिवार रात को चाहरवाला निवासी कुलदीप अपने साथी आजाद के साथ चाहरवाला से गांधी की ओर जाने वाले रोड पर खड़े थे, तभी उन्हें एक पिकअप आती दिखाई दी। वाहन को रुकवाने की कोशिश की, तो चालक ने उनके ऊपर चढ़ाने का प्रयास किया। इसी दौरान अन्य ग्रामीणों को तथा कागदाना चौकी पुलिस को सूचना दी। इसी बीच वाहन चालक व तीन अन्य लोगों ने पथराव शुरू कर दिया। ग्रामीणों के पहुंचने पर पशु तस्कर वाहन छोड़कर भाग गए।
सूचना मिलने पर कागदाना पुलिस चौकी इंचार्ज ललित कुमार दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और पिकअप की तलाशी शुरू की, तो उसमें तीन ऊंट ठूंस ठूंस कर रस्सी से बांधकर भरे हुए थे। पुलिस की सहायता से ग्रामीणों ने तीनों को मुक्त कराया। पुलिस चौकी इंचार्ज ललित कुमार ने बताया कि पशु तस्करी की सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और पिकअप से तीनों को को मुक्त कराया। चाहरवाला निवासी कुलदीप कुमार की शिकायत पर चार अज्ञात पशु तस्करों पर पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।