शहर में सरेआम बाइक चालक नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं, लेकिन पुलिस मूकदर्शक बनी देख रही है।
न तो बाइक चालक हेलमेट पहन रहे हैं और न ही ट्रिपल राइडिंग से बाज आ रहे हैं। वहीं, पुलिस द्वारा कोई अभियान नहीं चलाने की वजह से भी ये चालक खुद के साथ-साथ दूसरे के लिए खतरा बना हुए हैं।
पुलिस के अनुसार, शहर में 90 प्रतिशत बाइक चालक नियमों के परवाह नहीं करते हैं, जिस वजह से हादसे में गंभीर चोटें लग रही हैं और जान भी जा रही है।
यातायात पुलिस का कहना है कि ट्रिपल राइडिंग के दौरान पकड़े जाने पर सिर्फ 100 रुपये चालान है। अगर यही चालान ज्यादा होगा तो लोग ऐसा करने से डरेंगे।
90 प्रतिशत लोग तोड़ रहे नियम
पुलिस का भी मानना है कि शहर में हर 100 में से 90 लोग बिना हेलमेट के वाहन चलाते हैं। इसमे सबसे ज्यादा बाइक सवार हैं और 30 साल से कम उम्र के युवा हैं।
हेलमेट पहनना लोग अपनी शान के खिलाफ समझते हैं। मगर यही हेलमेट जिंदगी के लिए वरदान है। पुलिस भी सख्ती दिखाकर नियमों को मनवा सकती है, लेकिन पुलिस सुस्त है।
हर बार मिलता है आश्वासन
इस बारे में कई बार पुलिस अधिकारियों से बात की, लेकिन हर बार दो-तीन दिन में सख्ती दिखाने का आश्वासन मिलता है, लेकिन धरातल पर होता कुछ भी नहीं।
हर चौक-चौराहे पर पुलिस मुस्तैद होगी तो किसी भी वाहन चालक की हिम्मत नहीं होगी कि वह यातायात के नियमों को तोड़ सके।
एक हफ्ते में 10 घायल, एक की मौत
अकेले अगर ट्रिपल राइडिंग करने वालों के हादसों पर नजर डालें तो जिले में एक सप्ताह में ट्रिपल राइडिंग से एक की मौत और दस लोग घायल हो चुके हैं।
शुक्रवार को ही एक हवलदार ट्रिपल राइडिंग करके परिवार के साथ जा रहा था कि दुघर्टना में उसकी पत्नी की मौत हो गई और खुद और उसकी बेटी घायल हो गए।
ऐसे ही 21 अक्तूबर को ऐलनाबाद के तलवारा खुर्द में ट्रिपल राइडिंग के दौरान हुए हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
वहीं 18 अक्तूबर को गांव अंभोली में हुए हादसे में ट्रिपल राइडिंग के दौरान तीन लोग घायल हो गए। तीनों एक ही परिवार के थे।
हर साल जाती है 400 की जान
ट्रैफिक पुलिस इंचार्ज सतबीर सिंह ने बताया कि पुलिस जल्द ही सख्ती करके ऐसे वाहन चालकों के चालान करेगी जो ट्रिपल राइडिंग कर रहे हैं।
ऐसे लोग खुद तो अपनी जान जोखिम में डाल रहे हैं और दूसरी की भी जान की कीमत नहीं समझ रहे। जल्द ही अभियान चलाकर ऐसे वाहन चालकों का चालान किया जाएगा।
जिले में हर साल करीब 400 मौत सड़क हादसों की वजह से होती है। जुलाई माह में पूरे जिले में 765 चालान काटे गए थे। अब ट्रिपल राइडिंग वालों पर नकेल कसी जाएगी।