मिनी बाईपास रोड पर स्थित चतरगढ़पट्टी क्षेत्र में पिछले छह दिनों से पीने के पानी सप्लाई बंद है जिससे लोग परेशान हैं।
लोग पानी की एक-एक बूंद के लिए तरस रहे हैं जबकि कुछ जगह में लोग खरीदकर पानी पीने रहे हैं पर जन स्वास्थ्य विभाग कार्य प्रगति पर है कहकर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
ऐसे में शनिवार को महिलाएं पूर्व पार्षद राजेंद्र कुमार के नेतृत्व में जलघर में पहुंची और प्रदर्शन करते हुए जमकर नारेबाजी की।
साथ ही अधिकारियों के घेराव की चेतावनी दी तो एक्सईएन और जेई मौके पर पहुंचे और रविवार सुबह तक हर हाल में जलापूर्ति शुरू करने का आश्वासन देकर उन्हें शांत किया।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि अगर रविवार सुबह तक जलापूर्ति बहाल न हुई तो यातायात जाम कर दिया जाएगा।
चतरगढ़पट्टी कॉलोनी के लोग हिमांशु सोलेरा, प्रदीप कुमार, गोपाल दास, मगर सिंह, राजू, पप्पू कटारिया, उमेद सिंह, मैना देवी, शकुंतला देवी, कमला देवी आदि जलघर पर पहुंचे और पेयजल संकट को लेकर नारेबाजी शुरू कर दी।
प्रदर्शनकारियों का नेतृत्व पूर्व पार्षद राजेंद्र कुमार कर रहे थे। महिलाओं ने मुख्यद्वार के आगे खड़े होकर नारेबाजी शुरू की। प्रदर्शनकारियों ने बताया कि पिछले छह दिन से उनकी कॉलोनी में पेयजल सप्लाई बंद है।
पेयजल संकट के चलते उनके दैनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं। पीने का पानी भी दूर-दराज से लेकर आना पड़ रहा है या फिर टैंकर से पानी खरीदकर काम चला रहे हैं।
उन्होंने कहा कि ऐसे में नहाना तो दूर पीने के पानी के लिए इधर से उधर भटकना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि कई स्थानों पर पाइप लाइन में लीकेज है पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा।
इस बारे में जब भी विभाग के जेई या अन्य अधिकारियों से बात करते हैं तो कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया जाता है। केवल इतना कह दिया जाता है उनकी ओर से प्रयास जारी है।
लोगों ने बताया कि परेशान होकर ही उन्हें प्रदर्शन करने पर मजबूर होना पड़ा है। उन्होंने बताया कि कॉलोनी में जिस लाइन से पानी की आपूर्ति दी जाती है वह टूटी हुई है जिस पर कोई ध्यान नहीं दे रहा।
उन्होंने बताया कि पहले लाइन में लीकेज कम थी अब तो लाइन पूरी तरह से टूट गई है। अगर समय पर ही लीकेज ठीक करा दी जाती तो यह समस्या ही पैदा नहीं होती।
उधर प्रदर्शन की सूचना मिलने पर विभाग के कार्यकारी अभियंता और जेई मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों की समस्या सुनी। प्रदर्शनकारियों ने अधिकारियों को खूब खरी-खोटी सुनाई।
अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि देर रात तक लाइन ठीक कराकर पेयजल आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। इस आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारी शांत हो गए पर उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि रविवार सुबह पेयजलापूर्ति बहाल न हुई तो यातायात जाम कर देंगे जिसकी जिम्मेदारी स्थानीय विभाग व प्रशासन की होगी।