फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sirsa News: कांग्रेस के दिग्गज नेता नहीं पहुंचे रैली में, भूपेंद्र और दीपेंद्र रहे मुख्य चेहरा

Sun, 24 Dec 2023 11:25 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सिरसा
विज्ञापन
रैली को संबो​​धित करते हुए भूपेंद्र सिंह हुड्डा। 
विज्ञापन
सिरसा। किसान आंदोलन में शहीद हुए किसानों-मजदूरों की याद में रविवार को सिरसा के हुडा ग्राउंड में किसान-मजदूर जनआक्रोश रैली का आयोजन किया गया। इस रैली में हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री व नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा, प्रदेशाध्यक्ष चौ. उदयभान और राज्य सभा सदस्य दीपेंद्र हुड्डा ने 750 किसानों-मजदूरों को श्रद्धासुमन अर्पित किए और मौन रखा। रैली में कुमारी सैलजा, रणदीप सिंह सुरजेवाला और किरण चौधरी जैसे दिग्गज नेता शामिल नहीं हुए।
विज्ञापन

सैलजा का सिरसा जिले में सबसे ज्यादा वर्चस्व माना जाता है। ऐसे में सैलजा का रैली में शामिल नहीं होना कांग्रेस की आपसी फूट को जाहिर करता है। हालांकि पहले से उम्मीद की जा रही थी कि यह तीन बड़े दिग्गज नेता रैली में नहीं आएंगे। इसके विपरीत राजस्थान व अन्य जिलों से विधायक, पूर्व मंत्री और पूर्व विधानसभा स्पीकर पहुंचे। सभी ने भाजपा, जेजेपी और इनेलो पर निशान साधा। रैली की भीड़ को देखते हुए दीपेंद्र हुड्डा ने प्रदेशाध्यक्ष से मांग की कि उन्हें सिरसा जिले का प्रभारी बनाया जाए। इस दौरान रैली में सिरसा जिले के अतिरिक्त हांसी, हिसार, फतेहाबाद, महम, नरवाना आदि क्षेत्रों से कार्यकर्ता रैली में पहुंचे। रैली का संचालक राजकुमार शर्मा ने किया।

किसान आंदोलन में जो किसान-मजदूर मारे गए, उनकी शहादत खाली नहीं जायेगी
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि आज की हाजिरी साबित करती है कि किसान आंदोलन में जो किसान-मजदूर मारे गए, उनकी शहादत खाली नहीं जायेगी। उन्होंने कहा कि किसान आंदोलन में 750 किसान-मजदूरों की मौत की पूर्ण जिम्मेदार बीजेपी-जेजेपी सरकार है। इस सरकार ने किसानों पर लाठियां बरसाईं, ठंडे पानी की बौछारें मारी और रास्तों में कील तक गड़वा दीं। इसके बावजूद वह किसानों की आवाज को दबा नहीं पाए। सरकार ऐसे कानून लेकर आई, जिनसे किसान बर्बाद हो जाता। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि किसानों और सरकारों के बीच जो समझौता हुआ था, जिसमें कहा गया था कि एमएसपी की गारंटी मिलेगी वो एमएसपी कहां गई। उन्होंने कहा कि पूरा हरियाणा इस सरकार से दुखी है। आज हरियाणा बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार, अपराध और नशाखोरी में नंबर 1 है। कोई अच्छा काम नहीं किया। ये विफल सरकार है, किसी का भला नहीं कर सकती। प्रदेश की 36 बिरादरी ने बीजेपी-जेजेपी सरकार से छुटकारा पाने और कांग्रेस सरकार बनाने का मन बना लिया है।
विज्ञापन



अन्याय के खिलाफ खड़े रहेंगे, न डरेंगे न रुकेंगे : दीपेंद्र
राज्य सभा सदस्य दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल रोज उनके खिलाफ बयान देते हैं, क्योंकि वो पूरी मजबूती से सरकार के भ्रष्टाचार के खिलाफ बोलते हैं। किसान-मजदूर के साथ हो रहे अन्याय के खिलाफ बोलते हैं। खिलाड़ी बेटियों के साथ अन्याय होने पर उनके साथ खड़े होते हैं। अगर ये उनका कसूर है तो वो खुद को कसूरवार मानते हैं और वो किसी से न डरेंगे न रुकेंगे। जेजेपी पर तंज कसते हुए कहा कि जेजेपी ने अपने मतदाताओं के साथ विश्वासघात किया। प्रदेश के बुजुर्गों, किसान-मजदूर, खिलाड़ियों के साथ भी धोखा किया। जेजेपी ने तो विश्वासघात करने में 5 घंटे लगाये, लेकिन इनेलो तो विश्वासघात करने में 5 मिनट भी नहीं लगाती। बीजेपी को समर्थन दे आती। उन्होंने कहा कि आप सभी सतर्क रहिये। एक बार फिर से बीजेपी के साथ जेजेपी का समझौता तोड़ने का अघोषित समझौता हो गया है। प्रदेश में बदलाव को रोकने के लिये चक्रव्यूह रचा जायेगा। उन्होंने लोगों को संकल्प दिलाया कि आने वाले समय में इस सरकार के घमंड को वोट की चोट से तोड़ेंगे।

भाजपा और जेजेपी आम आदमी की नहीं : अमित
डबवाली के विधायक अमित सिहाग ने कहा कि 36 बिरादरी के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा है। आज रैली से चुनावों के लिए बिगुल बज गया है। भाजपा और जेजेपी आम आदमी की नहीं, उद्योगपतियों की जेब भरने का काम कर रही है। उनकी जेब से ही उन्हें भी फायदा होगा। जेजेपी ने चौधरी देवीलाल की नीतियों पर चलने की बात कहकर जनता से वोट लिए थे। आज भाजपा के साथ मिलकर मलाई खा रही है और पांच-पांच फार्म हाउस बना लिए हैं। वर्ष 2024 आपका साल है। आपको इन लोगों के झांसे में नहीं आना है और आपको कांग्रेस को वोट देकर अपने मत का सही प्रयोग करना है। कांग्रेस सरकार की किसान, मजदूर और गरीब हितैषी है। कालांवाली के विधायक शीशपाल केहरवाला ने कहा कि सिरसा जिले का भला कोई कर सकता है तो वह चौधरी भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार कर सकती है।

कांग्रेस की रैली में नजर आई भीड़
कांग्रेस की हुड्डा ग्राउंड में 10 हजार के करीब कुर्सियां लगाई गई थी। सभी पूरी तरह से भरी नजर आई। इतना ही नहीं, लोग रेलिंग पर बैठकर भाषण सुनते नजर आए। हर नेता और कार्यकर्ता ने अपना दम दिखाया और अपने समर्थकों के साथ रैली में पहुंचा।

यह रहे मौजूद

इस दौरान पूर्व विधान सभा स्पीकर अशोक अरोड, पूर्व विधानसभा स्पीकर कुलदीप शर्मा, संगरिया के विधायक अभिमन्यु पूनिया, पूर्व विधायक प्रहलाद सिंह गिल्ला खेडा, पूर्व सांसद सुशील इंदौरा, पूर्व मंंत्री जयप्रकाश, ओबीसी मोर्चा विशाल वर्मा, कुलबीर बैनीवाल, पूर्व मुख्यमंत्री के ओएसडी डॉ. केवी सिंह, मनोज हिटलर, भरत बैनीवाल, संतोष बैनीवाल, सुभाष जोधपुरिया, आनंद ब्यानी, अमर चावला, बिल्लु बाजीगर, परमिंद्र ढूल, मलिक खोसा,जिला प्रभारी बजरंग दास गर्ग, मोहित शर्मा आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें