इच्छुक उम्मीदवार एक प्रस्तावक व समर्थक के साथ अपना नामांकन कर सकता है
संवाद न्यूज एजेंसी
कालांवाली। कालांवाली नगर पालिका के उपाध्यक्ष पद के लिए 17 फरवरी को चुनाव होगा। इस संबंध में प्रशासन की ओर से आधिकारिक सूचना जारी की गई है। जारी अधिसूचना के अनुसार, नगरपालिका कालांवाली के उपाध्यक्ष पद के चुनाव के लिए 17 फरवरी को नगर पालिका कार्यालय के बैठक हॉल में सुबह 11 बजे बैठक और उसके बाद चुनाव प्रक्रिया की जाएगी। इच्छुक उम्मीदवार एक प्रस्तावक व समर्थक के साथ अपना नामांकन कर सकता है।
एसडीएम कालांवाली मोहित कुमार ने बताया कि सुबह 11 से दोपहर 12 बजे तक बैठक में आवश्यक दिशा निर्देश दिए जाएंगे। उसके बाद दोपहर 12 से 12:30 बजे तक नामांकन पत्र प्राप्त किए जाएंगे। दोपहर 12:30 से 12:50 बजे तक नामांकन पत्रों की जांच होगी, दोपहर 12:50 से 01:00 बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। इसके बाद दोपहर 1 से 01:30 बजे तक मॉक पोल होगा। इसके बाद दोपहर 1:30 बजे से 3:30 बजे तक मतदान प्रक्रिया होगी। इसके तुरंत बाद परिणाम घोषित कर दिया जाएगा।