सिरसा। सी ब्लॉक में प्रॉपर्टी डीलर को धमकी देकर फिरौती मामले में पकड़े गए पांच आरोपियों को पुलिस ने जेल भेज दिया है। रिमांड के दौरान पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर दो अवैध पिस्तौल, 22 जिंदा कारतूस, एक स्कूटी व एक बाइक की बरामदगी की है। हालांकि आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद भी प्रॉपर्टी डीलर सतीश अरोड़ा को धमकी मिली थी। लेकिन अभी तक पुलिस धमकी देने वाले आरोपी की गिरफ्तारी नहीं कर पाई है।
बता दें कि पांच फरवरी को प्रॉपर्टी डीलर सतीश अरोड़ा के घर के बाहर स्कूटी सवार युवकों ने फायरिंग की थी और फोन कर 50 लाख की फिरौती मांगी थी। जिसके बाद पुलिस ने मामले से जुड़े पांच आरोपियों को काबू कर लिया और उनसे अवैध हथियार और अन्य सामान बरामद किया है। लेकिन गैैंग से जुड़े अन्य सदस्य अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। पांच आरोपियों की गिरफ्तारी होने के बाद प्रॉपर्टी डीलर के फोन पर विदेश से धमकी भरा फोन आया था। लेकिन पुलिस उक्त आरोपी के बारे में अभी तक कुछ भी जानकारी नहीं जुटा पाई है। जिसके चलते पीड़ित के घर की सुरक्षा को भी बढ़ाया गया है। वहीं पुलिस प्रवक्ता सुरजीत सिंह ने बताया कि उक्त पांचों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है और उनकी निशानदेही पर अवैध हथियार, कारतूस, बाइक व स्कूटी बरामद की गई है। जोकि वारदात को अंजाम देने के लिए इस्तेमाल में लाई गई थी।