संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। हरियाणा शिक्षा बोर्ड दसवीं की पहली परीक्षा का आयोजन वीरवार को हुआ है। दो वर्षों बाद हुई ऑफलाइन परीक्षा के चलते विद्यार्थियों के चेहरों पर रोकने देखने को मिली। दसवीं की पहली परीक्षा में ही उड़नदस्ता टीम ने पर्ची से पेपर करते दो नकलचियों को काबू किया है और इसकी जानकारी बोर्ड को दी गई है। वहीं, दूसरी तरफ परीक्षा के दौरान विद्यार्थियों के अभिभावक 39 डिग्री तापमान में बाहर इंतजार करते हुए नजर आए। जिले में दसवीं बोर्ड के 21651 नियमित व 3588 ओपन बोर्ड के विद्यार्थी है, जिन्होंने वीरवार को परीक्षा में भाग लिया। दोपहर 12.30 बजे से 3 बजे तक परीक्षा का आयोजन किया गया। पहले दिन 10वीं बोर्ड के विद्यार्थियों ने सामाजिक विज्ञान की परीक्षा दी। परीक्षा में नकल रोकने के लिए फ्लाइंग टीमों ने भी परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर जांच की। वहीं, परीक्षा केंद्रों में गर्मी को देखते हुए बेहतर इंतजाम किए गए। विद्यार्थियों को परीक्षा कक्ष में रोल नंबर व पैन ले जाने की अनुमति दी गई। परीक्षा शुरू होने से आधा घंटा पहले परीक्षा केंद्रों में विद्यार्थियों को प्रवेश देकर मुख्य द्वार बंद कर दिए गए। परीक्षा के बाद बाहर आए विद्यार्थियों के खिलखिलाते चेहरों से अंदाजा लगाया जा रहा था कि पेपर आसान ही आया था। जिला शिक्षा अधिकारी संत कुमार ने बताया कि जिले के 85 केंद्रों पर दसवीं के विद्यार्थियों ने बोर्ड परीक्षा दी। इस दौरान नकल रोकने के लिए फ्लाइंग टीमों ने निरीक्षण किया।
दो परीक्षा केंद्रों पर पकड़ी नकल, बोर्ड को दी जानकारी
10वीं बोर्ड परीक्षा में नकल रोकने के लिए गठित फ्लाइंग टीमों ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान चेयरमैन फ्लाइंग टीम व डीसी फ्लाइंग टीम ने दो परीक्षा केंद्रों पर नकल पकड़ी। निरीक्षण के दौरान जय भारत स्कूल व गवर्नमेंट मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल में नकल करते हुए विद्यार्थियों को पकड़ा गया। इसकी रिपोर्ट बोर्ड को भेज दी गई है। जानकारी के अनुुसार बुधवार को 12वीं बोर्ड की हिंदी परीक्षा के दौरान भी गवर्नमेंट मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल में नकल का एक केस सामने आया था।
39 डिग्री की गर्मी में अभिभावक होते रहे परेशान
भीषण गर्मी को देखते हुए परीक्षा केंद्रों पर विशेष बंदोबस्त किए गए। कक्षाओं में पानी के कैंपर रखवाए गए व पंखों की व्यवस्था की गई। ताकि विद्यार्थियों को परीक्षा के दौरान किसी परेशानी का सामना ना करना पड़े। हालांकि अपने बच्चों को परीक्षा दिलवाने के लिए आए परिजन परीक्षा केंद्रों के बाहर गर्मी में बैठे अपने बच्चों का इंतजार करते रहे। इस दौरान अभिभावकों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
नकल रोकने के लिए फ्लाइंग ने निरीक्षण के दौरान जय भारत स्कूल व गवर्नमेंट मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल ने नकल के दो केस पकड़े हैं। इसकी जानकारी बोर्ड को दी गई है। इसके अलावा जिले में शांतिपूर्ण तरीके से परीक्षा हुई।
- संत कुमार, जिला शिक्षा अधिकारी, सिरसा।